Friday, February 6, 2026
Homeखेल जगत38वें राष्ट्रीय खेल के पदक विजेताओं को CM नायब सिंह सैनी करेंगे...

38वें राष्ट्रीय खेल के पदक विजेताओं को CM नायब सिंह सैनी करेंगे सम्मानित

हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति देश में सबसे श्रेष्ठ है और प्रदेश खेलों में सबसे प्रगतिशील है। हरियाणा सरकार खेल नीति के तहत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से लेकर ओलंपिक पदक तक की उपलब्धियों पर खिलाड़ियों को 51,000 से लेकर 6 करोड़ रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जिससे खिलाड़ी आर्थिक रूप से मजबूत भी हो रहे हैं।

सरकार द्वारा 9 फरवरी को गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और सीएम कप-2025 का भी शुभारंभ किया जाएगा।

खेल मंत्री ने कहा कि सम्मान समारोह में राष्ट्रीय खेलों के 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक विजेताओं के साथ-साथ खेलों में भागीदारी करने वाले कुल 689 खिलाड़िय़ों, कोचों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर भारतीय हाकी में उत्कृष्ट योगदान देने व हाल ही में पदमश्री अवार्ड से सम्मानित खिलाड़ी सविता पूनिया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक लगभग 709 करोड़ रुपये की राशि 16970 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जा चुकी है। वर्ष 2025-2026 के दौरान 662 खिलाड़ियों को 109 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है, ताकि खिलाड़ियों का कल्याण हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की सच्ची हितैषी है। प्रदेश में 1500 खेल नर्सरियां खोली गई हैं, जिनमें 37 हजार से ज्यादा खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। इसके अलावा, 500 और खेल नर्सरियों के खोलने के लिए खेल विभाग ने आवेदन मांगे हैं। नर्सरियों में खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल विभाग का मिशन ओलंपिक 2036 है। इसमें हरियाणा का 36 पदक जीतने का लक्ष्य है। इसी दिशा में काम भी किया जा रहा है। आगामी बजट में इसी मिशन को ध्यान में रखकर राशि तय करने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देखरेख में केंद्र का ऐतिहासिक बजट रखा गया है, जिसमें खेलों के लिए 33 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है। उन्होंने कहा कि 114 करोड़ की राशि से प्रदेश के खेल स्टेडियमों के कायाकल्प किया जा रहा है, जिसमें से 70 प्रतिशत काम हो चुका है।

इस अवसर पर खेल विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, खेल विभाग के एडिशनल डायरेक्टरअश्वनी मलिक मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular