Rohtak News : जी डी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल में सत्र 2025–26 में अध्ययनरत कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा अपने वरिष्ठ साथियों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें मनमोहक नृत्य, मधुर संगीत, कविता पाठ एवं मनोरंजक गतिविधियाँ शामिल रहीं।
विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन की मधुर यादें साझा कीं, जिससे वातावरण भावनात्मक हो उठा। कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय एवं शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यालय के निदेशक विक्रांत मायना एवं सान्या मायना ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि,“आप सभी विद्यालय की पहचान हैं और हमें पूर्ण विश्वास है कि आप जीवन में सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
सहायक निदेशक हिमांशु गुप्ता ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में केक कटिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें निदेशकगण, सहायक निदेशक एवं कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न टाइटल्स एवं अवार्ड्स भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर लक्ष्य राणा को Mr. GDGIS एवं वंशिका को Ms. GDGIS चयनित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए तथा उनके सम्मान में विशेष भोज का आयोजन किया गया। यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय बन गया और भावभीनी विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

