Rohtak News : प्रदेश में अपनी ही पार्टी की सरकार होने के बावजूद वार्डों में विकास कार्य नहीं होने से नाराज भाजपा पार्षदों ने अब निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वार्ड नंबर 5 और 7 से भाजपा पार्षद कपिल नागपाल और सुरेश किराड़ ने वीरवार को नगर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना दिया।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाने और अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद उनके वार्डों में विकास कार्यों को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। उनका कहना है कि अधिकारी अपनी प्राथमिकता के हिसाब से काम कर रहे हैं और उनके वार्डों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
पार्षदों के मुताबिक, वार्ड नंबर 5 और 7 शहर के पुराने इलाकों में शामिल हैं। यहां लंबे समय से सड़क, गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की जरूरत है। पिछले एक साल से अधिक समय से वे अधिकारियों के सामने इन कार्यों को करवाने की मांग रखते आ रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं भाजपा पार्षदों के निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने से निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि अधिकारियों की ओर से पार्षदों की मांगों पर क्या कार्रवाई की जाती है और लंबित विकास कार्यों को लेकर कब तक कोई ठोस फैसला होता है।


