Tuesday, October 22, 2024
Homeहरियाणारोहतकगेस्ट टीचरों पर हुए लाठीचार्ज पर भड़के भूपेंद्र हुड्डा, बोले -गोली-लाठी से...

गेस्ट टीचरों पर हुए लाठीचार्ज पर भड़के भूपेंद्र हुड्डा, बोले -गोली-लाठी से नहीं दिल में जगह बनाने से चलती है सरकार

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज रोहतक स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। भूपेंद्र हुड्डा ने नववर्ष के आगमन पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है।

रोहतक। कल गेस्ट टीचरों पर हुए लाठीचार्ज से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खासे नाराज नजर आये। आज रोहतक में डी पार्क स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। भूपेंद्र हुड्डा ने नववर्ष के आगमन पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यमुनानगर में कल हुए गेस्ट टीचरों पर लाठीचार्ज पर बोलते हुए कहा कि बीजेपी गोली और लाठी से सरकार चलाना चाहती है। सरकार लोगों के दिल में जगह बनाने से चलती है। वर्तमान सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हरियाणा प्रदेश विकास में एक नंबर पर था, लेकिन आज बेरोजगारी, महंगाई, अपराध में नंबर 1 बनकर रह गया है।

गेस्ट टीचरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

गौरतलब है कि यमुनानगर में गेस्ट टीचरों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई गेस्ट टीचर घायल हो गए। गेस्ट टीचर रविवार को शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का आवास घेरने जा रहे थे। पुलिस ने आवास पहुंचने से पहले ही उन्हें रोक लिया। इसके बाद टीचरों को विरोध बढ़ गया। देखते ही देखते पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इससे टीचरों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने इसके बाद भी उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें 20 से अधिक गेस्ट टीचर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस के द्वारा अलग अलग स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

गेस्ट टीचर्स पर लाठी चार्ज के बाद जख्मी टीचर को ले जाते हुए पुलिस

लघु सचिवालय पर कर रहे थे प्रदर्शन

साल 2023 के अंतिम दिन यमुनानगर में अपनी पेंडिंग मांगों को लेकर लघु सचिवालय के सामने गेस्ट टीचर प्रदर्शन कर रहे थे। कई साल से गेस्ट टीचर के तौर पर सेवाएं दे रहे इन प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग नियमित करना और अन्य सुविधाएं प्रदान करने की थी। प्रदर्शनकारी एक गेस्ट टीचर ने बताया कि उन्होंने इस प्रदर्शन के बारे में पहले ही सरकार और प्रशासन को अल्टीमेटम दिया हुआ था। वे लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपना प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन जानबूझकर उन पर लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान उनके राज्य प्रधान समेत कई टीचर घायल हुए हैं उनके राज्य प्रधान का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

परमिशन लेकर कर रहे थे प्रदर्शन

प्रदर्शनकारी गेस्ट टीचरों ने बताया कि उन्होंने गुप्ता पैलेस के पास महापड़ाव डालने के लिए SP और DC से परमिशन ली थी। पुलिस वहां की बजाय उन्हें अनाज मंडी में ले आई और यहां आकर उनके साथ बर्बरता की गई। उन्होंने कहा कि नया साल शुरू होने से पहले ही सरकार ने लाठी उठा ली है। टीचरों ने बताया कि महीना भर पहले प्रदर्शन कर उन्होंने कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर से भी मुलाकात की थी जिस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से उनकी बात रखने का आश्वासन दिया था लेकिन महीना बीत जाने के बाद एक बार फिर यह लोग प्रदर्शन करने पहुंचे थे इस बार लाठीचार्ज कर इन्हें रोक दिया गया है।

कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने की निंदा

गेस्ट टीचरों पर हुए लाठीचार्ज की कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने निंदा की है। उन्होंने कहा है कि यमुनानगर में अतिथि अध्यापकों पर लाठीचार्ज करना तानाशाही है। सरकार को इन अध्यापकों से बात करनी चाहिए थी, न कि लाठियां चलानी चाहिए थी। भाजपा जजपा सरकार लाठी के दम पर मुद्दों से ध्यान नहीं भटका सकती। उन्होंने कहा कि इस तानाशाही रवैये से पूरा प्रदेश त्रस्त है और जनता इसका जवाब आने वाले चुनाव में देगी।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular