त्योहारी सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के साथ साइबर ठग भी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस आमजन से अपील की है कि वे ऑनलाइन खरीदारी करते समय विशेष सावधानी और सतर्कता बरतें।
त्योहारों के अवसर पर विभिन्न कंपनियों और ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म द्वारा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए भारी डिस्काउंट, कैशबैक, विशेष ऑफर और सीमित समय की बिक्री जैसे प्रलोभन दिए जाते हैं। ऐसे में साइबर अपराधी भी फर्जी वेबसाइट, नकली विज्ञापन, संदिग्ध लिंक और आकर्षक ऑफर्स का सहारा लेकर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर सकते हैं।
कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग सुविधाजनक है, लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही मेहनत की कमाई को नुकसान पहुंचा सकती है। साइबर ठग कई बार नामी कंपनियों से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापन बनाकर लोगों को भ्रमित करते हैं। इसलिए किसी भी ऑफर पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय एप के माध्यम से ही खरीदारी करें। उन्होंने आमजन को सलाह दी कि अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी संदिग्ध वेबसाइट पर बैंक खाते, डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जानकारी साझा न करें तथा अपना ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड न करें। भुगतान करने से पहले विक्रेता, वेबसाइट और ऑफर की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें। अत्यधिक सस्ते सामान या असामान्य रूप से अधिक छूट देने वाले ऑफर्स से भी सावधान रहें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है, तो घबराने के बजाय तुरंत भारत सरकार की साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय रहते शिकायत करने से धोखाधड़ी की रकम को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहारी खुशियों के बीच अपनी मेहनत की कमाई की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर धोखाधड़ी के नए तरीकों के प्रति जागरूक करें। कुरुक्षेत्र पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है और आमजन से अपील करती है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत करें।

