Monday, September 7, 2026
HomeहरियाणाASI को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया,...

ASI को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया, पढ़ें- पूरा मामला

हिसार/सिरसा : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB), हिसार की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डबवाली स्थित गोल बाजार पुलिस चौकी के एएसआई जगजीत सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और एसपीओ (मुंशी) राजवीर को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

जानिए क्या था मामला

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि एएसआई जगजीत सिंह ने अपने सहकर्मियों हेड कांस्टेबल राकेश कुमार और एसपीओ राजवीर के साथ मिलकर उसके मित्र बबलू और उसके परिवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर नंबर 266, दिनांक 21 अगस्त 2026 में संरक्षण देने के एवज में 1 लाख 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों द्वारा रिश्वत की 1 लाख 25 हजार रुपये की राशि पहले ही ली जा चुकी थी, जबकि शेष 20 हजार रुपये बाद में देने के लिए कहा गया था।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद SV & ACB की टीम ने जाल बिछाया। 6 सितंबर को ट्रैप के दौरान एएसआई जगजीत सिंह ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की। इसके बाद उसने यह रकम गोल बाजार पुलिस चौकी में तैनात एसपीओ (मुंशी) राजवीर को सौंप दी।

राजवीर ट्रैप की रकम लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि ब्यूरो की टीम ने एएसआई जगजीत सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। साथ ही, अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular