रोहतक : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के अपमान पर सरकार की चुप्पी उसकी मानसिकता को उजागर कर रही है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि कलानौर के खैरड़ी में 9 अप्रैल को बाबा साहेब की प्रतिमा को तोड़कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची गई, लेकिन दो हफ्ते बीत जाने के बावजूद अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि साफ संकेत है कि या तो पुलिस नाकाम है या फिर सरकार की मूक सहमति से यह सब हो रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री नायब सिंह की नजरों में बाबा साहेब का सम्मान यही है? वोट लेने के लिए मंचों पर बड़े-बड़े भाषण और जयंती पर दिखावटी कार्यक्रम करना आसान है, लेकिन जब असल में उनके सम्मान की रक्षा करनी होती है, तब भाजपा सरकार और उसके नेता खामोशी ओढ़ लेते हैं।
अनुराग ढांडा ने कहा कि जिस संविधान पर देश चलता है, उसी के निर्माता का अपमान हो रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। यह सिर्फ एक मूर्ति का मामला नहीं, बल्कि देश की आत्मा और करोड़ों लोगों की भावनाओं पर हमला है।उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या हरियाणा पुलिस इतनी कमजोर हो चुकी है कि ऐसे स्पष्ट अपराधियों को पकड़ नहीं पा रही? या फिर ऊपर से दबाव है कि मामले को दबाकर रखा जाए?
अनुराग ढांडा ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ चुका है, एक तरफ बाबा साहेब के नाम पर राजनीति और दूसरी तरफ उनके विचारों और प्रतीकों का अपमान। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े और हर वर्ग के लिए बाबा साहेब का योगदान अमूल्य है। उनका अपमान करना देश के संविधान और 140 करोड़ नागरिकों का अपमान है।
अनुराग ढांडा ने चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी बाबा साहेब के सम्मान के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। यदि तुरंत दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को पूरे देश में उठाकर भाजपा सरकार के असली चेहरे को बेनकाब करेगी।
उन्होंने अंत में कहा कि यह सिर्फ राजनीति का मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मान और संविधान की रक्षा का सवाल है और इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है।

