रोहतक : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की महत्वाकांक्षी योजना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इस योजना को गंभीरता से लें तथा सभी लाभार्थियों तक पहुंचकर शुक्रवार तक फॉर्म वितरित करवाये। इस योजना के तहत 26 जुलाई को प्रातः: 9 बजे से सायं 5 बजे तक गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के पात्र परिवारों के लिए स्थानीय जिला विकास भवन के डीआरडीए हाल में अंत्योदय मेला आयोजित किया जाएगा।
नरेंद्र कुमार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में सांपला की उपमंडलाधीश एवं इस अंत्योदय मेले की नोडल अधिकारी अंकिता पुवार के साथ अंत्योदय मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम सचिव एवं पटवारी चिन्हित किये गए सभी लाभार्थियों तक पहुंचकर उन्हें फॉर्म वितरित करें। सभी लाभार्थियों को अंत्योदय मेला में पहुंचने के लिए निमंत्रण दें। लाभार्थियों को फॉर्म वितरित करने के फोटो भी शेयर किये जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अंत्योदय मेले के लिए गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के लगभग तीन हजार पात्र लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करवाई गई है। मेले का उद्देश्य पात्र परिवारों को उनकी रुचि, कौशल एवं पात्रता के अनुरूप स्वरोजगार एवं आयवर्धन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कर उनका आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान सुनिश्चित करना है। मेला में 19 विभागों की 47 जनकल्याणकारी योजनाओं में से लाभार्थी अपनी पसंद की एक योजना का चुनाव करके लाभ उठा सकते है।
सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि ज्यादा से ज्यादा लाभार्थी इस मेले में पहुंचकर प्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाये। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को फॉर्म वितरित करते समय फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी समझाई जाये तथा लाभार्थी इस फॉर्म को अंत्योदय मेला में साथ लेकर आएं।
अंकिता पुवार ने कहा कि सरकार द्वारा आवश्यक दस्तावेज भी निर्धारित किये गए है, जो लाभार्थियों को अंत्योदय मेला में साथ लेकर आने है। इन दस्तावेजों में परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), शैक्षणिक/तकनीकी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो), 2 पासपोर्ट आकार के फोटो शामिल है। इस मेला में चिन्हित परिवार को कोई भी सदस्य पहुंचकर पात्रता के अनुसार अपनी पसंद की एक कल्याणकारी योजना का लाभ उठा सकता है। मेला में लाभार्थियों की सुविधा के लिए अनेक काउंटर बनाये जायेंगे। पंजीकरण काउंटर पर लाभार्थियों का पंजीकरण किया जायेगा तथा आगामी मार्गदर्शन भी किया जाएगा।
उपमंडलाधीश अंकिता ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि चिन्हित लाभार्थी परिवारों को योजना के फॉर्म शुक्रवार तक अवश्य वितरित हो जाये। यदि कोई लाभार्थी किसी योजना के बारे में जानकारी चाहता है तो उसे पूरी जानकारी दी जाये। इसके अलावा संबंधित विभागाध्यक्ष से भी बात करवाई जाये। उन्होंने चिन्हित पात्र लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अंत्योदय मेले में पहुंचकर अपनी रुचि एवं पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
बैठक में तहसीलदार यशपाल शर्मा, गुलाब सिंह, बीडीपीओ रोहताश एवं जरनैल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, डीआईओ महेश कुमार, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदन लाल, जिला कल्याण अधिकारी रेनू सिसोदिया, एलडीएम अचल कुमार शर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

