Tuesday, March 24, 2026
Homeहरियाणाकृषि मेला : 1 लाख 7 हजार किसानों ने की शिरकत, 41...

कृषि मेला : 1 लाख 7 हजार किसानों ने की शिरकत, 41 लाख रुपए से अधिक की खरीफ फसलों के बीज व अन्य उत्पादों की हुई बिक्री

हिसार : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला खरीफ सम्पन्न हुआ। कृषि मेला  ‘सतत कृषि: समृद्धि की राह’ विषय पर आयोजित किया गया । कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज मुख्य अतिथि रहे।

कुलपति प्रो. काम्बोज ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय किसानों के हित में समय-समय पर उन्नत किस्मों एवं जलवायु-अनुकूल कृषि तकनीकों का विकास कर रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन की पहल करें, जिससे समय पर बीज उपलब्ध हो सके और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हों।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला खरीफ में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के 1 लाख 7 हजार से अधिक किसानों ने भाग लिया। किसानों ने मेले में उन्नत किस्म के बीजों, कृषि विधियों, सिंचाई यंत्रों, कृषि मशीनरी आदि की जानकारी भी हासिल की। दो दिवसीय मेले के दौरान 41 लाख 23 हजार 820 रूपये के बीज, कृषि साहित्य व अन्य उत्पादों की बिक्री हुई।

विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रमेश यादव ने बताया कि मेले में किसानों ने करीब 39 लाख 20 हजार रुपये के खरीफ फसलों के प्रमाणित बीज तथा करीब 61 हजार 500 रूपए के फलदार पौधे व सब्जियों के बीज खरीदें। बीजों के अलावा किसानों ने 74 हजार 170 रुपये के जैव उर्वरक तथा 35 हजार रुपये का कृषि साहित्य भी खरीदा। कृषि मेले में मिट्टी व पानी जांच सेवा का लाभ उठाते हुए मिट्टी व पानी के 435 नमूनों की जांच करवाई गई। मेले में 28 हजार 800 रूपए के टिश्यू कल्चर प्लांट भी बेचे गए। इसके अलावा मेले में सब्जी वर्गीय फसलों की 25 हजार से अधिक गुणवत्तापूर्ण पौध की बिक्री की गई।

संयुक्त निदेशक विस्तार डॉ. सुनील ढांडा ने बताया कि मेले में लगाई गई कृषि-औद्योगिक प्रदर्शनी किसानों के आकर्षण का विशेष केन्द्र रही। इस प्रदर्शनी में कुल 250 स्टॉलें लगाई गई। मेले के अन्तिम दिन बीज बिक्री केन्द्रो एवं स्टालों पर किसानों की भारी गहमा-गहमी रही। प्रश्नोत्तरी सत्र के दौरान किसानों और वैज्ञानिकों के बीच हुए संवाद के अलावा कृषि में उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई।

विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रमेश यादव ने बताया कि स्टॉलों में से सीड्ज ग्रुप में समग सीड्स प्रा. लि. प्रथम, आईएफएसए सीड्स प्रा. लि./स्टार एग्री सीड्स प्रा. लि. द्वितीय तथा शक्तिवर्धक हाइब्रिड सीड्स तृतीय स्थान पर रहे। इनसेक्टीसाइड/पेस्टिसाइड समूह में बायर क्रॉप साइंस लि. प्रथम, क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लि./मैक्सग्रो एग्रोलॉजी लिमिटेड को द्वितीय तथा आर्बोइंट इंटरनेशनल सोल्यूशंस एलएलपी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उर्वरक समूह में हैबिटेट जीनोम इम्प्रूवमेंट प्राइमरी लि. को प्रथम, इफको हरियाणा/कृभको को द्वितीय तथा नेशनल फर्टिलाइजर्स लि. को तृतीय स्थान मिला। मशीनरी/ट्रैक्टर समूह में करतार एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा. लि. प्रथम, दो सरदार एग्री वर्क्स/न्यू किसान सेवा केंद्र द्वितीय तथा विरदी एग्रो टेक्नोलॉजी/मास्टर माइंड एग्रो इंडस्ट्रीज तृतीय स्थान पर रहे। वेट फार्मा ग्रुप में नानक लेबोरेटरीज (डॉ. जॉन) को प्रथम, वेक्स्टर हेल्थ केयर को द्वितीय तथा मचवेल फार्मास्युटिकल्स प्रा. लि. को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रगतिशील किसान समूह में श्री बाले सिंह (मिंगनी खेड़ा, हिसार) को प्रथम, श्री योगेंद्र (महेंद्रगढ़) को द्वितीय तथा श्री सुभाष एवं श्री धर्मबीर (यमुनानगर) को तृतीय स्थान मिला।

सीसीएसएचएयू विभाग समूह में सीड्ज साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग प्रथम, सब्जी विज्ञान विभाग द्वितीय तथा एबिक बेकरी/ऑयलसीड सेक्शन तृतीय स्थान पर रहे। वहीं एमएचयू/लुवास/सरकारी विभाग समूह में लुवास, हिसार ने प्रथम, एमएचयू, करनाल ने द्वितीय तथा हरियाणा उद्यान विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मिक्स ग्रुप में टेरानोवा एग्रो इनोवेशन प्रा. लि. को प्रथम, लेजर इंजीनियरिंग एंटरप्राइजेज को द्वितीय तथा शक्ति मेक मार्शल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा किसान कल्याण प्राधीकरण के सीईओ डॉ. रविन्द्र चौहान भी उपस्थित रहे। धन्यवाद प्रस्ताव सह निदेशक विस्तार डॉ. सुनील ढांडा ने किया। मंच का संचालन डॉ. कनिका एवं श्वेता ने किया।

RELATED NEWS

Most Popular