Tuesday, July 21, 2026
Homeदेशरोहतक में 22 से 27 जुलाई तक होगी अग्निवीर भर्ती, जानें- पूरी...

रोहतक में 22 से 27 जुलाई तक होगी अग्निवीर भर्ती, जानें- पूरी प्रक्रिया

रोहतक :  भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 22 से 27 जुलाई, 2026 तक राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रोहतक में अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए भर्ती कार्यालय निदेशक कर्नल अनुराग सिंह ने बताया कि इस भर्ती रैली में सोनीपत, पानीपत, झज्जर तथा रोहतक जिलों के उन अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जिन्होंने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) उत्तीर्ण किया है। इनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (एवी जीडी), अग्निवीर टेक्निकल (एवी टेक), अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं) तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं) श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल हैं।

इसके अलावा हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के सेंट्रल एवं जोनल श्रेणियों के अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग भी इसी भर्ती रैली के दौरान की जाएगी। इनमें जेसीओ धार्मिक शिक्षक (जेसीओ आरटी), हवलदार एजुकेशन, जेसीओ कैटरिंग, हवलदार सर्वेयर ऑटो कार्टो, सिपाही फार्मा तथा सोल्जर टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) श्रेणी के वे अभ्यर्थी शामिल हैं, जिन्होंने ऑनलाइन सीईई उत्तीर्ण किया है।

भर्ती रैली का कार्यक्रम निम्नानुसार रहेगा

  • 22 जुलाई, 2026 को झज्जर जिला।
  • 23 जुलाई, 2026 को झज्जर एवं पानीपत जिला।
  • 24 जुलाई, 2026 को रोहतक जिला।
  • 25 जुलाई, 2026 को झज्जर, पानीपत, रोहतक एवं सोनीपत जिला।
  • 26 जुलाई, 2026 को हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के सेंट्रल एवं जोनल श्रेणी के अभ्यर्थी।
  • 27 जुलाई, 2026 को आवश्यकता अनुसार आरक्षित/प्रशासनिक कार्यवाही।

भारतीय सेना की ओर से सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र पर अंकित रिपोर्टिंग समय का कड़ाई से पालन करते हुए निर्धारित तिथि पर सभी मूल प्रमाण-पत्र, उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर भर्ती स्थल पर समय से पहुंचें। अभ्यर्थी किसी भी प्रकार के बिचौलियों अथवा भ्रामक सूचनाओं से बचें तथा केवल भारतीय सेना द्वारा जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का ही पालन करें। भर्ती प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मेरिट आधारित होगी।

RELATED NEWS

Most Popular