रोहतक : चीनी के बाद अब प्याज के बढ़ते दामों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। रोहतक में प्याज की खुदरा कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि थोक मंडी में अच्छी क्वालिटी के प्याज का भाव 45 से 48 रुपये प्रति किलो चल रहा है। अचानक बढ़े दामों से आम आदमी को चिंता में डाल दिया है।
दुकानदारों के अनुसार, बरसात के कारण प्याज की आवक प्रभावित हुई है। इसके अलावा नई फसल की आवक में देरी भी कीमतों में उछाल की बड़ी वजह मानी जा रही है। मंडी में पर्याप्त आवक नहीं होने से प्याज के भाव लगातार बढ़ रहे हैं।
प्याज के साथ-साथ सरसों के तेल और अरहर, मूंग, उड़द व चना जैसी दालों के दाम भी पिछले एक महीने में बढ़े हैं। खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के कारण परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। अचानक बढ़े दामों से गृहणियों की चिंता बढ़ गई है।
सब्जियों के दाम भी बढ़े
वहीं रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। भिंडी 60 रुपये, खीरा 40 रुपये, तोरी 60 रुपये और लौकी 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है। वहीं अदरक के दाम 180 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। हरी मिर्च 120 रुपये और बीन्स 100 रुपये प्रति किलो बिक रही है। टमाटर की कीमत फिलहाल 40 रुपये प्रति किलो है।
रोजमर्रा इस्तेमाल हाेने वाली चीजों के बढ़ते दामों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि जरूरत का सामान लगातार महंगा होने से घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।


