Monday, May 19, 2025
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में जहरीली गैस से हुई मौत के बाद जागा प्रशासन, सभी...

रोहतक में जहरीली गैस से हुई मौत के बाद जागा प्रशासन, सभी खुले मेनहोल के लगाए जाएंगे ढक्कन

रोहतक। रोहतक में लाढ़ौत रोड पर बने सीवर के मेनहोल में जहरीली गैस से हुई बुजुर्ग किसान की मौत के बाद पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियो की नींद टूट गई है। विभाग ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सीवर लाइन के निरीक्षण के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम एरिया में सभी सीवर लाइन के मेनहोल चेक किए जाएंगे। जहां भी मेनहोल से ढक्कन गायब मिलेंगे, तुरंत वहां लगाए जाएंगे।

गौरतलब है कि गुरुवार को विशाल नगर से पीरबोधी डिस्पोजल जा रही सीवर क मेन लाइन के मेनहोल में सुखपुरा चौक निवासी किसान राम सिंह की मौत हो गई थी। वह फसलों को पानी देने के लिए मेनहोल को बंद करने के लिए सीवर में उतरा था, जहां जहरीली गैस की वजह से उसकी मौत हो गई थी। जाँच के दौरान जानकारी में आया था कि इस एरिया में कई मेनहोल से ढक्कन गायब हैं। और उस एरिया के लगभग सभी किसान इसी तरह से फसल की सिंचाई करते हैं।

इसके बाद शुक्रवार को पब्लिक हेल्थ के उच्चाधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निगम एरिया में सभी सीवर की मेन लाइन के अलावा अन्य सीवर लाइन को चेक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर हाल में मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए। यदि किसी भी मेनहोल पर ढक्कन नहीं हैं तो फौरन वहां पर ढक्कन लगाया जाएगा। ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके। इधर शुक्रवार को हादसे वाले सीवर के मेनहोल की मरम्मत कराने की बजाए उसी हालात में छोड़ दिया है। सा​थ ही मेनहोल पर पेड़ों की सूखी टहनियां रखकर जिम्मेदारी की औपचारिकता पूरी कर ली गई है। उससे थोड़ी दूरी पर ही स्थित दूसरे मेनहोल पर शुक्रवार को भी ढक्कन नहीं मिला।

इसी क्रम में हिसार रोड, शास्त्री नगर, सूर्या कॉलोनी आदि एरिया में कई जगह सीवर के मेनहोल के ढक्कन टूटे पड़े हैं। पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से फसलों की सिंचाई के लिए सीवर से पानी लिफ्ट करने के मामले को आपराधिक श्रेणी में रखा गया है। इसके मद्देनजर कर्मचारियों व फील्ड स्टाफ के दौरान निरीक्षण के दौरान सिंचाई के लिए सीवर का पानी लिफ्ट किए जाते पकड़े जाने वालों के खिलाफ अब कार्रवाई की तैयारी है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular