Friday, July 5, 2024
Homeहरियाणाअभय चौटाला बोले- प्रदेश में आम जनता की रक्षा करने वाली पुलिस...

अभय चौटाला बोले- प्रदेश में आम जनता की रक्षा करने वाली पुलिस ही सुरक्षित नहीं है

- Advertisment -
- Advertisment -

चंडीगढ़ । इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में आम जनता की रक्षा करने वाली पुलिस ही सुरक्षित नहीं है। करनाल में क्राइम ब्रांच के एएसआई की बदमाशों ने सरेआम गोलियां मार कर हत्या कर दी। इससे पहले भी भाजपा के राज में कई पुलिस वालों की गोली मारकर हत्या की गई है। भाजपा ने हरियाणा को गुंडों के हवाले कर प्रदेश में पूरी तरह से गुंडाराज स्थापित कर दिया है।

हरियाणा में दिन पर दिन बेतहाशा बढ़ रहे अपराधों पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जनवरी 2024 से जून 2024 तक पिछले छह महीनों में प्रतिदिन औसतन 3 हत्याएं, महिलाओं के साथ 4 रेप, 4 छेड़छाड़, 5 अपहरण, 40 वाहन चोरी, 9 नशा तस्करी और 4 नाबालिग बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाएं घटी हैं। यह सभी घटनाएं वो हैं जिनके पुलिस ने केस दर्ज किए हैं। इनके अलावा ऐसी बहुत सी अपराधिक घटनाएं हैं जिनके केस दर्ज नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा, हरियाणा का कोई एक जिला ऐसा नहीं बचा है जहां अपराधियों ने आतंक न मचा रखा हो। हररोज अजांम दी जा रही आपराधिक घटनाओं के कारण प्रदेश के लोगों में आज भय और आतंक का माहौल बना हुआ है। गुंडों द्वारा सरेआम गोलियां बरसाई जा रही हैं और व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देकर उनसे रंगदारी मांगी जा रही है। प्रदेश के लोगों का भाजपा की सरकार से पूरी तरह से विश्वास खत्म हो चुका है। उपर से केंद्र ने जो तीन आपराधिक कानून बनाए हैं उसमें एफआईआर दर्ज करने से पहले 14 दिन तक जांच करने का समय दिया है। इससे अपराधियों को सांठगांठ करने का पूरा मौका मिल जाएगा और अपराधियों के हौसले और भी ज्यादा बुलंद होंगे। वहीं जो पीड़ित होगा उसे न्याय नहीं मिल पाएगा। भाजपा ने जिस तरह से हरियाणा को गर्त में पहुंचाया है उसी तरह प्रदेश की जनता भी आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ करके प्रदेश से जड़ से समाप्त कर देगी।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular