Wednesday, August 27, 2025
Homeहरियाणा31 मई को मातेश्वरी अहिल्याबाई के जन्मोत्सव पर कुरुक्षेत्र में होगा विशाल...

31 मई को मातेश्वरी अहिल्याबाई के जन्मोत्सव पर कुरुक्षेत्र में होगा विशाल समारोह

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पाल गडरिया समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। ज्ञान ही वह शस्त्र है जो हर बंधन को तोड़ सकता है।

मुख्यमंत्री बुधवार को देर सायं चंडीगढ़ में मातेश्वरी अहिल्याबाई के 300वें जन्मोत्सव पर जनजागरण अभियान की शुरुआत करते हुए पाल गडरिया समाज के लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने मातेश्वरी अहिल्याबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अहिल्याबाई के जन्मोत्सव पर आज शुरू हुआ जनजागरण अभियान 31 मई तक चलेगा और 31 मई को मातेश्वरी अहिल्याबाई के जन्मोत्सव पर कुरुक्षेत्र में विशाल समारोह के साथ संपन्न होगा।

उन्होंने कहा कि पाल गडरिया समाज में भारत की महान परंपराओं, संस्कृति और श्रमशीलता की जीवंत तस्वीर दिखाई देती है। यह समाज पीढ़ियों से भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहा है। पाल गडरिया समाज का अतीत और परम्पराएं गौरवशाली रही हैं। इस समाज के लोग होलकर वंश के प्रतिनिधि हैं, जिसका मध्य प्रदेश के इंदौर में बहुत लम्बे समय तक शासन रहा है। इसी समाज ने मल्हारराव होलकर जैसे योद्धा और मातेश्वरी अहिल्या बाई जैसी वीरांगनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि जब हम ‘आत्मनिर्भर भारत’ की बात करते हैं, तो इसके निर्माण में पाल गडरिया समाज जैसे मेहनतकश समुदायों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो जाती है। आप लोगों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने श्रम, आत्मबल और निष्ठा से यह सिद्ध किया है कि गांव-गांव में अगर भारत बसता है, तो उसमें आपकी मेहनत की महक अवश्य होती है। उन्होंने कहा कि हमारे देश का दुर्भाग्य रहा है कि आजादी के बाद दशकों तक जानबूझकर कुछ वर्गों को नजरअंदाज किया गया। उनके लिए न कोई नीति बनी, न कोई दिशा तय की गई।

मुख्यमंत्री ने पाल गडरिया समाज की प्रगति पर ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह समाज अब शिक्षा, राजनीति, खेल और उद्यमिता में आगे बढ़ रहा है। युवा मेडिकल, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश कर रहे हैं। बेटियां भी अब पढ़-लिखकर समाज का नेतृत्व कर रही हैं। यही असली परिवर्तन है और यही नया भारत है।

उन्होंने लोगों को एकजुटता का परिचय देने का आह्वान करते हुए कहा कि पाल गडरिया समाज की भलाई, उन्नति और सम्मान के लिए हमारी सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी। आप मेहनत करें, आप आगे बढ़ें, सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री  कृष्ण कुमार बेदी ने इस अवसर पर मातेश्वरी अहिल्याबाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि अहिल्याबाई सनातन धर्म की ध्वजवाहक थी। इस ध्वज को वर्तमान सरकार ने ऊंचा बनाए रखा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी अंत्योदय की भावना से काम कर रही है जिससे हर गरीब को लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री  रणबीर गंगवा ने भी मातेश्वरी अहिल्याबाई को पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी  भारत भूषण भारती एवं श्री विवेक कालिया, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री  सतीश पाल समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular