Thursday, September 19, 2024
Homeदेशपूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा बोले- सैलजा कांग्रेस की सम्मानित नेता हैं, BJP...

पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा बोले- सैलजा कांग्रेस की सम्मानित नेता हैं, BJP के मंसूबे नहीं होंगे कामयाब 

रोहतक। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कुमारी सैलजा हमारी बहन हैं और कांग्रेस की सम्मानित नेता हैं। कोई भी कांग्रेस का नेता या कार्यकर्ता उनके बारे में गलत टिप्पणी नहीं कर सकता। उनके विरुद्ध बोलने वाले लोगों का कांग्रेस में कोई स्थान नहीं है।

हुड्डा  रोहतक में पत्रकार वार्ता के दौरान कुमारी सैलजा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आज सभी लोगों के हाथ मोबाइल है और लोगों को मैन्युपुलेट करके कुछ भी बुलवाया जा सकता है। लेकिन ऐसी मानसिकता का समाज या राजनीति में कोई स्थान नहीं है। विरोधी दल जानबूझकर समाज को बांटने वाली साजिशें रच रहे हैं। लेकिन हरियाणा का समाज किसी की चाल फंसकर जात-पात में नहीं बंटने वाला। 36 बिरादरी एकजुट होकर कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। पूरे हरियाणा में एक ही नारा गूंज रहा है- ना जात पर-ना पात पर, बटन दबेगा हाथ पर।

विक्रम कादियान ने कांग्रेस ज्वाइन की

वहीं  बेरी से भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक ओमप्रकाश कादियान और उनके बेटे विक्रम कादियान ने सोमवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। विक्रम कादियान भाजपा के टिकट पर दो बार बेरी से चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री गायित्री देवी ने भी कांग्रेस का हाथ थाम लिया। साथ ही कई सरपंचों, ब्लॉक समिति चेयरमैन, भाजपा के कई पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि उनका पार्टी में पूरा मान-सम्मान किया जाएगा।

कांग्रेस के वोट काटने के लिए मैदान में उतारे गए

ज्वाइनिंग के बाद सिरसा से हलोपा प्रत्याशी गोपाल कांडा को भाजपा द्वारा समर्थन करने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि ये बात प्रदेश की जनता को पहले ही पता थी। जिस इनेलो-हलोपा का पहले अप्रत्यक्ष तौर पर बीजेपी के साथ गठबंधन चल रहा था, वह अब सार्वजनिक हो गया है। हरियाणा में सीधा मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। इनेलो, जेजेपी, हलोपा जैसे तमाम दल सिर्फ कांग्रेस के वोट काटने के लिए मैदान में उतारे गए हैं। कई निर्दलीयों को भी भाजपा ने यहीं जिम्मेदारी सौंपी है। जनता को ऐसे उम्मीदवारों से सावधान रहने की जरूरत है।

भाजपा आरक्षण खत्म करने को लेकर भी दुष्प्रचार कर रही

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा आरक्षण खत्म करने को लेकर भी दुष्प्रचार कर रही है। जबकि हरियाणा में कौशल निगम की भर्तियों में आरक्षण खत्म करने का काम बीजेपी ने किया। ओबीसी की क्रिमी लेयर की लिमिट 8 से घटाकर 6 लाख करके आरक्षण छीनने का काम भी बीजेपी ने ही किया है। देश में संविधान और आरक्षण लागू करने का काम कांग्रेस ने किया था और कांग्रेस ही इसकी रक्षा करेगी। जबकि बीजेपी की नीतियां हमेशा से संविधान व आरक्षण विरोधी रही हैं।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular