हरियाणा में महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर शुक्रवार को दिनदहाड़े महिला के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गयी । वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम को लेकर आगामी करवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान गांव खुडाना निवासी मुन्नी के रूप में हुई है। यह वारदात जमीनी विवाद के चलते हुई बताई जा रही है। इस वारदात में महिला के पति दिनेश की जान बच गई, जबकि उनकी पत्नी को हमलावरों ने गोली मार दी।
दिनेश ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपने भतीजे रोहित और उसके साथियों पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत आकोदा पुलिस चौकी में दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों को महेंद्रगढ़ सदर पुलिस थाने में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। बयान दर्ज कराने के बाद, जब दिनेश और उनकी पत्नी वापस गांव खुडाना लौट रहे थे, तो बस स्टैंड पर एक बदमाश पैदल उसके पीछे-पीछे आया और नजदीक पहुंचकर सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली इतनी नजदीक से चलाई गई थी कि महिला के सिर से मांस और खून के लोथड़े बस स्टैंड के फर्श पर फैल गए।
जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गया। बस स्टैंड पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग गया।