Saturday, September 21, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में ‘बेमिसाल शख्सियत’ पत्रिका का विमोचन

रोहतक में ‘बेमिसाल शख्सियत’ पत्रिका का विमोचन

रोहतक। रोहतक के स्थानीय पार्क क्वीन होटल के सभागार में ‘बेमिसाल शख्सियत’ पत्रिका का विमोचन संत महात्माओं, राजनेताओं, समाजसेवियों, शिक्षाविद एवं उद्योग जगत की हस्तियों के कर कमलों से सम्पन्न हुआ, जिसमें गोकर्ण डेरे के महंत महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी जी महाराज, महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती, प्रख्यात उद्योगपति राजेश जैन, जाट शिक्षण संस्थानों के पूर्व प्रधान राज सिंह नांदल, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता संध्या बजाज, दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता देवराज आहूजा, नगर निगम मेयर मनमोहन गोयल, प्रसिद्ध उद्योगपति राजेंद्र बंसल, पठानिया स्कूल के डायरेक्टर अंशुल पठानिया, डॉ. अशोक कुमार रंगा, हरिओम गौड, सुमेधा धनी ने पत्रिका का विमोचन किया।

विमोचन के अवसर पर प्रख्यात उद्योगपति राजेश जैन ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति को भागीदार बनना होगा, तभी देश उन्नति और प्रगति के मार्ग पर तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने ऊर्जा एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देश में वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने को समय की जरूरत बताया। श्री जैन ने कहा कि हम सौर ऊर्जा के प्रयोग में बहुत पीछे हैं। हमारे देश में सौर ऊर्जा पैदा करने की व्यापक संभावनाएं है लेकिन अभी हम इसमें बहुत पीछे हैं। इसके साथ ही हमारी युवा शक्ति को अपने कौशल विकास पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

विमोचन के अवसर पर महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती ने कहा कि मीडिया से समाज को सर्वाधिक अपेक्षाएं रहती हैं। अखबार और टीवी देखकर ही प्रत्येक व्यक्ति अपना मानस बनाता है। इसलिए मीडिया के लिए समाज एवं राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए तभी भारत देश अपने गौरव को पुन प्राप्त कर पाएगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण से प्रत्येक भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।, करोड़ों लोगों का सदियों पुराना सपना साकार हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश के प्रवक्ता देवराज आहूजा ने इस अवसर पर कहा कि निष्पक्ष एवं साहसपूर्ण पत्रकारिता ही लोकतंत्र का आधार है।

अत: हम सबका दायित्व है कि सत्य और तथ्य पूर्ण पत्रकारिता को सहयोग एवं प्रोत्साहन दें ताकि समाज और राष्ट्र निर्माण में मीडिया अपना बहुमूल्य योगदान दे सके। इस अवसर पर उच्चतम न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता संध्या बजाज ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी से समाज का निर्माण होता है। मीडिया ही लोकतंत्र में निर्णायक भूमिका अदा करता है। आज भी आम जनमानस तय करता है कि किस नेता या पार्टी को सत्ता सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि भारत में जल, शिक्षा, खेल, सिनेमा और राजनीतिक चेतना के क्षेत्र में मीडिया की शानदार भूमिका रही है।

कार्यक्रम में अपने संबोधन में जाट शिक्षण संस्था के प्रधान राज सिंह नांदल ने कहा कि मीडिया की समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। निष्पक्ष एवं निर्भीक मीडिया समाज में अभिव्यक्ति की आजादी को सुनिश्चित करता है। मीडिया समाज में जागृति पैदा कर नव निर्माण के लिए प्रेरक भूमिका निभाता है। मीडिया को अपनी भूमिका का निर्माण सावधानी एवं ईमानदारी से करना चाहिए क्योंकि पूरा समाज मीडिया से भारी उम्मीद करता है।

इस अवसर पर मीडिया के वर्तमान हालातों पर अपने उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं राजनीतिक विश्लेषक पवन बंसल ने कहा कि पत्रकारिता चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है, ऐसे में पत्रकार सच्चाई, ईमानदारी एवं साहस के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें ताकि मीडिया पर लोगों का विश्वास बना रहे। आम जनमानस को भी निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को प्रोत्साहन करना होगा।

वैश्य शिक्षण संस्था के महासचिव एवं प्रख्यात उद्योगपति राजेंद्र बंसल ने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश करते हुए कहा कि खबरें झूठी, मनगढ़ंत और प्रायोजित प्रतीत हो रही है। मीडिया से जनता का भरोसा उठ गया है, यह सब लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। अभिव्यक्ति की आजादी में ही लोकतंत्र की आत्मा निहित है। पत्रकारिता की गिरती हुई साख ने समाज में पूरे मीडिया जगत की प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाया है।

इस अवसर पर हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष संजय राठी ने कहा कि पूरे मीडिया जगत पर उद्योगपतियों का कब्जा है। उन पर सदैव अपने व्यापारिक हितों की सुरक्षा के लिए सरकार का दबाव रहता है। इसके अलावा उनकी महत्वाकांक्षाएं भी उन्हें दलगत राजनीति की तरफ प्रेरित करती है। विज्ञापन के रूप में प्रलोभन भी मीडिया को स्वार्थी बनाकर समझौतावादी बना रहा है। मालिकों के स्वार्थ के चलते पूरी मीडिया की छवि धूमिल होती जा रही है, जिसके गंभीर एवं दूरगामी परिणाम होंगे।

मंच संचालन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिओम भाली ने सभी का धन्यवाद किया। विमोचन के पश्चात उपस्थित सभी महानुभावों ने पत्रिका के सम्पादक बलदेव मल्होत्रा को तिरंगा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
‘बेमिसाल शख्सियत’ पत्रिका के विमोचन अवसर पर अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे अनेक महानुभावों को सम्मानित किया गया जिनमें रिटायर्ड प्रोफेसर सुमेधा धनी, कनाडा से प्रसिद्ध रियल एस्टेट कारोबारी मदन गोपाल दुआ, हरीश मल्होत्रा, टाटा एआईए इंश्योरेंस से शशि डुडेजा, वैंचर वैल्थ चंडीगढ़ से हरिओम गौड़, अनमोल बचपन स्कूल से सुनीता कपूर, राजेश कपूर, करनाल से शेरू विज, शिचरण स्पोर्ट्स, जोक्सो स्पोर्ट्स से नीरज खुराना, अधिवक्ता रीतु मोंगिया, हिमालयन राइडर अमरदेव, विजय बुद्धिराजा, वीना भाटिया, वैश्य कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय गुप्ता, राजीव जैन, सन्नी निझावन, मनमोहन कथूरिया, हरिओम भाली, अनिल शर्मा, कोमल खन्ना, मोनिका, नवीन कुंडू, नीरू, पवन कुमार बंसल, चेतना एडवरटाईजर से अनिल अरोड़ा, राकेश सैनी, डॉ. रणबीर सिंह, रोहतक रनर्स ग्रुप के धावक एवं बीएसएनएल दिल्ली के एजीएम अरविंद पाल दहिया, दिव्य शक्ति हेल्थकेयर से डॉ. वेशभूषण, दीपक कपूर, सुशील खुराना, मनजीत मोखरा, प्रकृति प्रेमी मनोज सहरावत, मीनाक्षी मल्होत्रा, रॉकी सहगल, सन्नी सहगल, अजय जैन चिटकारा, गजेंद्र, लक्ष्य, सुनैना, कुश मल्होत्रा, मंगल खुराना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular