Saturday, October 19, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में सर्दी का सितम जारी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड...

हरियाणा में सर्दी का सितम जारी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, बारिश के लिए रहे तैयार

हरियाणा। हरियाणा में सर्दी का सितम जारी है। कई जिलों में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक जारी है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के चलते प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हरियाणा के उत्तरी इलाके में घने कोहरे और शीतलहर की पूरी तरह से चपेट में है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के छह जिलों में कोहरे और कोल्ड डे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट अगले 48 घंटों के लिए जारी किया गया है। इस रेड अलर्ट के दायरे में अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, फतेहाबाद और सिरसा शामिल हैं। इन जिलों में शीतलहर और कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को खासी दिक्कतें हो रही हैं।

पश्चिमी विक्षोभ का असर और तापमान में बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 25 जनवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी की संभावना है। यह परिवर्तन मौसमी बदलाव का संकेत देता है। 27 जनवरी को फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा। राज्य में रात के तापमान में सिर्फ 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन अभी भी सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। हालांकि, दिन के तापमान में 0.1 डिग्री की कमी आई है। यह सामान्य से 6.8 डिग्री नीचे बना हुआ है। इसके साथ ही लोगों को घने कोहरे की मार झेलनी पड़ रही है।

जानें क्यों पड़ रही भीषण सर्दी

भीषण सर्दी पड़ने के पीछे के वजह को बताते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि कम पश्चिमी विक्षोभों की वजह से इतनी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभों को कम होने की एक वजह अल नीनो की स्थिति को भी माना है। अब इसके चलते उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर दिवस में भी कमी देखी गई है। इसके चलते यहां कोल्ड वेव की अवधि भी बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबाला में 3.4 दर्ज किया गया है।

1 फरवरी को बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में ऐसी सर्दी 2013 में 9 दिन इतनी भयंकर देखने को मिली थी। उसके बाद मौसम में उतार चढ़ाव रहा। हरियाणा के मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सूबे में 27 दिनों से ठंड का असर चल रहा है। लगातार तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मौसम में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा हैं। 26-27 और 30-31 जनवरी को आंशिक बादलवाई रहने व की संभावना है। 1 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हरियाणा में बारिश के आसार और मौसमी परिवर्तन

इस वर्ष जनवरी के अंतिम सप्ताह में हरियाणा में बारिश के आसार बन रहे हैं। अभी तक जनवरी में प्रदेश में बारिश का अभाव रहा है। सामान्यतः 1 से 23 जनवरी तक 9.3 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना जाता है, लेकिन इस वर्ष अभी तक प्रदेश में बारिश नहीं हुई है। इस कारण कुछ जिलों में कोल्ड डे या सिवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। हरियाणा में मौसम की यह बदलती तस्वीर न सिर्फ प्राकृतिक परिवर्तनों का संकेत है. बल्कि यह जनजीवन पर अपना व्यापक प्रभाव भी डालती है। इसलिए प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में बारिश और तापमान में बदलाव के लिए तैयार रहना चाहिए। विशेषकर कृषि और दैनिक जीवन में इसके प्रभावों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां करनी चाहिए।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular