Saturday, September 21, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में ट्रैक्टर ने मॉडल स्कूल छात्रों को रौंदा, एक की मौत,...

रोहतक में ट्रैक्टर ने मॉडल स्कूल छात्रों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर, फरार हुआ चालक

रोहतक। रोहतक में त्योहारी सीजन में लापरवाही से बड़ा वाहन चलाना और वो भी भीड़ भरे बाजार में, एक परिवार का दीपक बुझा गया। मामला व्यस्त बाजार आर्य नगर बाजार का है। फेस्टिवल की वजह से आर्यनगर बाजार में काफी भीड़ रहती है। कल शाम चौक के पास लापरवाही से ट्रैक्टर चला रहे चालक ने ट्यूशन जा रहे स्कूटी सवार दो किशोरों को रौंद दिया। हादसे में दोनों घायलों को पीजीआइ ले जाया गया गया। जहां पर एक किशोर को मृत घोषित कर दिया गया। आर्य नगर थाना पुलिस ने मृतक के दादा रमेश कुमार की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आर्यनगर थाना पुलिस को दी शिकायत में शहर के शक्ति नगर निवासी रमेश कुमार आहूजा ने बताया कि उसका पौत्र आर्यन आहूजा अपने दोस्त श्रेय के साथ स्कूटी पर सवार होकर ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। स्कूटी को श्रेय चला रहा था। जब वे आर्य नगर चौक के पास पहुंचे तो पीछे से एक ट्रैक्टर चालक तेज गति से चलाता हुआ आया और स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों किशाेरों ने ट्रैक्टर के अगले पहिए से रौंद दिया। जिसके बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। ट्रैक्टर चालक चिन्योट कलोनी का रहने वाला राम निवास बताया जा रहा है।

चूंकि हादसा बच्चों के घर के पास हुआ था इसलिए स्थानीय लोग उन्हें जानते थे। उन्होंने तुरंत सूचना परिजनों को दी। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों बच्चों को पीजीआइ ले जाया गया। जहां पर श्रेय का उपचार चल रहा है व आर्यन को मृत घोषित कर दिया गया। आर्यनगर थाना पुलिस ने शक्ति नगर निवासी रमेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आर्यन और श्रेय मात्र 13 साल के हैं और दोनों पड़ोसी होने के साथ साथ एक ही स्कूल और एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों बच्चे मॉडल स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र हैं। आर्यन की मां भी मॉडल स्कूल में शिक्षिका है और सेक्टर वाली ब्रांच में पढ़ाती है। आर्यन की एक बड़ी बहन ऐंजल है, वह भी मॉडल स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular