Saturday, October 19, 2024
Homeहरियाणारोहतकमानसून सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में हंगामा, नीरज चोपड़ा को बधाई...

मानसून सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में हंगामा, नीरज चोपड़ा को बधाई तो संदीप सिंह को देखकर भड़के नेता

कांग्रेस विधायकों ने नूंह हिंसा मामला सदन में उठाया है। इस पर स्पीकर ने कहा कि मामला कोर्ट में है। विपक्ष हुड्डा ने कहा तोड़-फोड़ का विषय कोर्ट में है इसलिए हम इस विषय पर नहीं बोलेंगे, लेकिन कांग्रेस की मांग है कि इस मामले की जांच हाईकोर्ट के जज से करवा दीजिए।

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11:00 बजे से जारी है। सबसे पहले सीएम मनोहर लाल ने एथलीट नीरज चोपड़ा को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरज चोपड़ा और उनके परिवार को बहुत-बहुत बधाई हो। वहीँ पूर्व विधायक चौधरी रणसिंह बैनिवाल के निधन पर शोक प्रस्ताव सीएम ने पढ़ा और संवेदना प्रकट की। इसके बाद प्रश्नकाल शुरू हुआ।

मारकंडा नदी की सफाई से शुरू हुआ प्रश्नकाल

प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। सदन में बारिश और बाढ़ से फसल नुकसान का मुद्दा उठा है। शाहाबाद से जजपा विधायक रामकरण काला ने मारकंडा नदी की सफाई और खुदाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। सदन में शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने कई स्थानीय समस्याएं भी उठाई हैं। विधायक रामकरण काला ने मारकंडा नदी की सफाई की मांग उठाई है। इसके अलावा विधायक रामकरण काला ने बाढ़ का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ से सबसे ज्यादा शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में नुकसान हुआ। इसके अलावा पानी की निकासी का पूरा प्रबंध करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इस बार बारिश ज्यादा होने से समस्या आई है। इस पर कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि पानी की निकासी का पूरा प्रबंध किया जाएगा। इस बार बारिश ज्यादा होने से समस्या आई है।

हुड्डा ने HUDA का नाम बदलने पर जताई आपत्ति

प्रश्नकाल के दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि गन्नौर-शाहापुर सड़क का चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू होगा। सड़क के निर्माण के लिए नाबार्ड से 19.76 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीँ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रश्न उठाया कि HUDA का नाम क्यों बदला गया है। इसपर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि आपके भले के लिए किया गया है। बता दें कि HUDA को अब HSVP के नाम से जाना जाता है। अनिल विज ने कहा था कि इस नाम से भ्रम होता था क्योंकि यह हुड्डा के नाम से काफी मेल खाता था।

स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों की भर्ती पर दिया ये जवाब

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि, आज तक डिमांड बेस्ट स्वास्थ्य सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि, हर जगह स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। कांग्रेस विधायक बिशनलाल सैनी ने सवाल किया कि, हरियाणा सरकार डॉक्टर की भर्ती को लेकर क्या कर रही है और कितने डॉक्टरों की भर्ती हुई है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि, हरियाणा में 2022 में 941 डॉक्टर का चयन किया गया और 808 डॉक्टर ने ज्वाइन कर लिया है। हाल ही में सरकार ने वेटिंग लिस्ट में आने वाले 25 डॉक्टर को भी अपॉइंटमेंट लेटर दे दिया है, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं में लोगों को परेशानी ना हो।

उन्होंने कहा कि, हरियाणा सरकार ने प्रदेश में PHC और अन्य अस्पतालों की जरूरत के हिसाब से स्थापना के लिए मैपिंग करवाने का फैसला किया है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही सरकार को मिल जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, डॉक्टर की मैपिंग करवाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार ने भी हरियाणा के कदमों की सराहना की है। हरियाणा में पहले सिर्फ एमबीबीएस डॉक्टर की भर्ती होते थे, लेकिन अब सरकार स्पेशलिस्ट डॉक्टर की भर्ती करेगी। स्पेशलिस्ट डॉक्टर के सर्विस रूल भी अलग होंगे।

राज्यमंत्री संदीप सिंह को देखकर हुआ हंगामा

इसके बाद विधानसभा में राज्यमंत्री संदीप सिंह को बैठे देख कांग्रेस नेता भड़क गया और इस मामले में सदन में हंगामा हुआ। कांग्रेस ने संदीप सिंह को बर्खास्त करने की मांग की जिस पर स्पीकर ने कहा कि मामला कोर्ट में है। इसके बाद कांग्रेस ने सदन से वॉक आउट किया। कुछ देर बाद कांग्रेस नेता लौटकर आए और फिर हंगामा किया। इसके बाद सीएम मनोहर लाल खड़े हुए और उन्होंने साफ कहा कि संदीप सिंह का इस्तीफा नहीं लिया जाएगा। मनोहर लाल ने कहा कि विपक्ष किसी एक्शन के लिए बाध्य नहीं कर सकता। हमने बोलना शुरू किया तो धज्जियां उड़ जाएंगी। इस पर हुड्डा भड़क गए और उन्होंने कहा कि ये लोकतांत्रिक भाषा नहीं है। इस पर स्पीकर ने कहा कि यदि यह शब्द अलोकतांत्रिक शब्दों की बनी हमारी सूची में नहीं होगा तो यह डिलीट हो जाएगा।

नूंह हिंसा पर चर्चा को लेकर अड़ा विपक्ष

नूंह हिंसा पर सदन में भारी हंगामा हुआ। कांग्रेस द्वारा सदन में नूंह हिंसा का मुद्दा उठाए जाने पर सत्तापक्ष और प्रतिपक्ष में जोरदार बहस हुई है। इसपर स्पीतक ने कहा कि नूंह हिंसा पर कोई चर्चा नहीं होगी। ये मामला कोर्ट में चल रहा है, लेकिन नूंह हिंसा की चर्चा को लेकर विपक्ष अड़ गया है। जिसके बाद सदन आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया। कांग्रेस ने इस मामले की जांच हाईकोर्ट के जज से करवाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि साजिश हुई है तो इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जाए। अगर यह सोची समझी साजिश है तो जांच में जनता को पता चल जाएगा।

लंच ब्रेक में बाहर निकलते हुए सीएम, गृह मंत्री और पूर्व सीएम

इस पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि नूंह में जो भी हुआ वो बेहद बुरा था। इस मामले में कांग्रेस का हाथ लगता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामन खान को भी नोटिस जारी करके जांच में शामिल होने कि बात कही। वहीं भाजपा के विधायक सत्यप्रकाश ने कांग्रेस विधायक मामन खान के बयान ‘प्याज के छिलके की तरह फोड़ देंगे’ को उठाया। विपक्ष द्वारा हंगामा होने के बाद सदन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया है। लंच के लिए ब्रेक लिया गया है। लंच के बाद फिर कार्रवाई शुरू की जाएगी और लग रहा है कि सदन शुरू होने के बाद फिर नूंह को लेकर बहस हो सकती है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular