Monday, September 30, 2024
Homeदिल्लीराहुल गांधी की हरियाणा में यात्रा : BJP पर साधा निशाना, बोले...

राहुल गांधी की हरियाणा में यात्रा : BJP पर साधा निशाना, बोले -हरियाणा में छोटी-छोटी पार्टियों का रिमोट भाजपा के पास

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी ने सोमवार को अंबाला के नारायणगढ़ में विजय संकल्प यात्रा शुरुआत कर दी है। इस दौरान जनसभा में पूर्व सीएम हुड्डा, उदयभान और कुमारी सैलजा भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मौजूद रही।

जनसभा में राहुल गांधी बीजेपी पर ननिशाना साधते हुए कहा- ”हरियाणा में मुकाबला भाजपा-कांग्रेस का है। बाकी छोटी-छोटी पार्टियां सब BJP की हैं। अग्निवीर स्कीम जवानों की पेंशन चोरी का तरीका है।”


वहीं प्रियंका गांधी ने भी कहा- ”BJP सरकार ने किसानों से MSP पर विश्वासघात किया। पहलवानों को सड़क पर बिठाया। आत्मसम्मान और न्याय से जीना है तो इस सरकार को फेंक निकालो”।

इस दौरान जनसभा के मंच से राहुल पार्टी में एकजुटता का संदेश भी दे गए। उन्होंने मंच पर भूपेंद्र हुड्डा और कुमारी सैलजा का हाथ मिलवाया।देखिये फोटो –

Image

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि सरकार के भीतर सभी वर्गों का सम्मान जरूरी है। लेकिन साथ ही उनका आर्थिक उद्धार भी आवश्यक है। क्योंकि हर वर्ग को शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों के भविष्य के लिए पैसा चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार अपनी नीतियों के जरिए देश का जितना पैसा अंबानी-अदानी जैसे अरबपतियों की जेब में डालती है। लेकिन कांग्रेस चाहती है कि उतना ही पैसा कल्याणकारी योजनाओं के जरिये गरीब, किसान, मजदूर, दलित और पिछड़े वर्गों को भी मिले। अगर मोदी सरकार बड़े पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ कर सकती है तो गरीब, किसान का क्यों नहीं? यह अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। देश में दो तरह की नीतियां नहीं चल सकतीं।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के 10 साल में हरियाणा से रोजगार खत्म हुआ है। युवा मजबूरी में खेत बेचकर और मोटे ब्याज पर 50 लाख रुपए तक लेकर जंगलों व समुद्र के रास्ते डंकी रूट से विदेश जा रहे हैं। किसानों की जमीनें विकास के नाम पर छीनी जा रही हैं। लेकिन पूंजीपतियों की जमीन कभी सरकार नहीं लेती। किसानों पर तीन काले कानून थोपे गए तो मजबूरन किसानों को सड़क पर उतरना पड़ा।

देशभक्ति की भावना लेकर किसान, मजदूर व मध्यम वर्ग के बच्चे फौजी बनकर बॉर्डर पर जाता थे। तो वहां भी भाजपा ने उन्हें ठगने का काम किया है और अग्निवीर के नाम पर मोदी ने फौजियों की पक्की नौकरी व पेंशन छीन ली।

इसलिए कांग्रेस ने ऐसा मैनिफेस्टो बनाया है, जो बताता है कि बीजेपी सरकार द्वारा छीना गया रुपया, वापिस जनता को कैसे दिया जाए। इसलिए कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपए, 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। 300 यूनिट बिजली मुफ्त होगी तो किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। 2 लाख पक्की भर्तियां निकालकर युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी। गरीबों को 100-100 गज के प्लाट व मकान बनाने के लिए साढ़े 3 लाख रुपए दिए जाएंगे। 25 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त होगा।

उन्होंने कहा कि जाति जनगणना करवाकर हम यह देखना चाहते हैं कि किस जाति के कितने लोग हैं और उनका कितना हक मिल रहा है। आज देश को चलाने वाले 90 अफसरों में से केवल 3 ओबीसी हैं। बजट के 100 रुपए में से केवल 1 रुपया दलित अफसर के हाथ में हैं। 250 बड़ी कंपनियों में कोई दलित सीईओ नहीं है। ये सच्चाई जनता के सामने ना आ सके, इसलिए बीजेपी जाति जनगणना का विरोध कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि आज हरियाणा के छोटे दलों व निर्दलीय उम्मीदवारों का कंट्रोल बीजेपी के हाथ में है। इसलिए उनसे सावधान रहने की जरूरत है। चुनावी लड़ाई सीधे कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। इसलिए अपना एक-एक कीमती वोट कांग्रेस के उम्मीदवारों को दें। हरियाणा में इस बार 36 बिरादरी की, सबके न्याय और हिस्सेदारी की सरकार बनने जा रही है।

अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा की धरती से श्रीकृष्ण जी ने गीता में न्याय का उपदेश दिया। ये धरती हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देती है। हरियाणा के किसानों, जवानों और पहलवानों ने हर मोर्चे पर देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। लेकिन भाजपा ने किसानों का निरादर करते हुए लाठियां बरसाईं। यहां तो हर जवान फौज में जाने के लिए बचपन से ही तैयार रहता है, लेकिन भाजपा ने अग्निवीर लाकर उनकी मेहनत व जज्बे का अपमान किया। शहीद होने पर भी उनके परिवार को कुछ नहीं मिलता। ओलंपिक में पदक जीतने वाले पहलवानों को भी इस भाजपा सरकार ने सड़कों पर घसीटने का काम किया। प्रधानमंत्री के पास उनसे मिलने के लिए पांच मिनट भी नहीं थे।

हरियाणा के युवा आज बेरोजगारी से अपमानित महसूस कर रहे हैं। दो लाख पद खाली पड़े हैं, लेकिन पेपर लीक होते हैं और भर्तियां सिरे नहीं चढ़ती। महंगाई की वजह से गरीब परिवारों को घबराहट होने लगी है। भाजपा के पास योजनाओं के नाम पर सिर्फ जुमले हैं। बीजेपी परिवार पहचान पत्र लेकर आई, लेकिन यह परिवार परेशानी पत्र बन गया हैं। आज प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और इसे आगे बढ़ाकर भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकालकर सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व हरियाणा की जनता में ऊर्जा भरने का काम किया था। एक बार फिर वे हरियाणा में यात्रा निकाल रहे हैं तो यह ऊर्जा कई गुना बढ़ रही है। अब पूरा देश हरियाणा की ओर देख रहा है। कांग्रेस की इस सुनामी में भाजपा पूरी तरह बह जाएगी। सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा के पास न तो कोई नीति है और न ही नेता। अब भाजपा के दिन लद चुके हैं। हरियाणा में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस आ रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि राहुल गांधी ने बेहतरीन ढंग से बीजेपी की कुनीतियों का पर्दाफाश करने का काम किया है। भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए सभी एक हो जाएं। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, अंबाला से सांसद वरुण मुलाना, नारायणगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी शैली चौधरी, कालका से प्रदीप चौधरी और अंबाला कैंट से परमिंदर परी भी मौजूद रहे।

मुलाना में धान गुच्छ और हल देकर किया राहुल का सम्मान
नारायणगढ़ से शुरू होकर राहुल गांधी की विजय संकल्प यात्रा साढौरा होते हुए मुलाना के दोसड़का में पहुंची, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर मुलाना से कांग्रेस प्रत्याशी पूजा चौधरी और अंबाला शहर से प्रत्याशी चौधरी निर्मल सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने हरियाणा में बेरोजगारी, नशा और रोजगार के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नशा लगातार फैल रहा है। गुजरात में अदानी के पोर्ट से 3 हजार किलो हेरोइन बरामद हुई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छोटे व्यापारी भी जीएसटी व नोटबंदी की वजह से बर्बाद हुए हैं। दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। इस वजह से मजबूरी में युवा विदेश जा रहे हैं। यहां राहुल गांधी का धान का गुच्छा और हल देकर सम्मान किया गया। दोसड़का के बाद यात्रा का साहा के राजीव चौक पर भी जोरदार स्वागत किया गया।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular