Monday, September 30, 2024
HomeहरियाणारोहतकHaryana Assembly Election : महम विधानसभा सीट से अब तक गैर...

Haryana Assembly Election : महम विधानसभा सीट से अब तक गैर जाट प्रत्याशी नहीं जीत पाया

शांतिप्रकाश जैन.रोहतक। हरियाणा की सबसे हॉट सीट समझे जाने वाली महम विधानसभा सीट से अब तक कोई भी गैर जाट प्रत्याशी विजयी नहीं हुआ है। यही नहीं यहां से अब तक कोई महिला प्रत्याशी भी जीत नहीं पाई है। सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशी जीत पर सरकार में भागेदारी का दावा करके मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे है। महम विधानसभा क्षेत्र में जाति, धर्म व क्षेत्र का कोई मुद्दा प्रचार में नजर नहीं आ रहा है। केवल चौधर का ही मुद्दा चुनाव का मुख्य कारण माना जा रहा है।

महम विधानसभा सीट पर जाट समुदाय की निर्णायक भूमिका होने के कारण यह सीट जिले की हॉट सीट बनी हुई है। देश के उपप्रधानमंत्री रहे चौधरी देवीलाल इस सीट से 1982, 1985 व 1987 में जीत हासिल कर चुके है।

वही कांग्रेस के आनंद सिंह दांगी 1991, 2005, 2009 तथा 2014 से महम विधानसभा से प्रतिनिधित्व करते रहे। अब उनके स्थान पर कांग्रेस ने उनके पुत्र बलराम दांगी को प्रत्याशी बनाकर एक बड़ा दांव खेला है। इसी प्रकार बलबीर सिंह उर्फ बाली पहलवान 1996, 2000 में विधायक चुने गए। 2019 के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी बलराज कुंडू ने बाजी मारी। कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके पुत्र सांसद दीपेंद्र हुड्डा के धुआंधार चुनाव प्रचार पर ही निर्भर है।

हरियाणा जनसेवक पार्टी के बलराज कुंडू क्षेत्र में शिक्षा पा रही ग्रामीण युवतियों के बीच काफी लोकप्रिय है क्योंकि कुंडू ने उनके लिए महम क्षेत्र से रोहतक आने के लिए फ्री बस सेवाएं उपलब्ध करवाई हुई है।

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा को भाजपा ने अपना महम क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित कर सबको चौका दिया। भाजपा प्रत्याशी के प्रचार में हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य भाजपा नेता डोर टू डोर प्रचार करने में जुटे हुए है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह खरकड़ा ने अपनी पत्नी राधा अहलावत को चुनाव मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतारकर मतदाताओं को अपनी ओर खींचने का प्रयास किया है।

महम के मतदाता आज भी अपने क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र में गोलीकांड में लेकर सिहर हो उठते है। याद रहे कि चुनाव के दौरान महम विधानसभा क्षेत्र में हुए गोलीकांड ने पूरे विश्व में सुर्खियां बिखेरी थी। इस गोलीकांड में लगभग 10 लोग मारे गए थे। गोलीकांड को देखते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग ने उस समय के चुनाव को स्थगित कर दिया था।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पार्टी के प्रत्याशी विकास नेहरा के चुनाव प्रचार में चुनावी रैली कर चुके है।

महम विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के बलराम दांगी, भाजपा के दीपक हुड्डा, आम आदमी पार्टी के विकास नेहरा, हरियाणा जनसेवक पार्टी के बलराज कुंडू तथा निर्दलीय राधा अहलावत व बलबीर सिंह बाली आदि के मध्य जबरदस्त मुकाबला बताया जा रहा है।

महम विधानसभा क्षेत्र में लगभग दो लाख मतदाता है। जिनके लिए 216 मतदान केंद्र स्थापित किए है। जिला प्रशासन ने महम में हुई पिछली घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए है। यह तो 8 अक्तूबर को मतगणना के बाद ही पता चल पाएगा कि विजयश्री किसके हाथ लगती है।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular