रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान के तहत जिला की 6 ग्राम पंचायतों को सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत के रूप में चुना गया है, जिन्हें आगामी 2 अप्रैल को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एक-एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। यह अभियान ग्राम पंचायत स्तर पर आंगनवाड़ी केन्द्रों में सुदृढ़ ढांचागत सुविधाएं, सर्विस डिलीवरी तथा पंजीकृत लाभार्थियों के पोषण में वृद्धि के दृष्टिगत चलाया गया।
सचिन गुप्ता स्थानीय कैम्प कार्यालय में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह अभियान जिला में गत मार्च 2025 में शुरू किया गया तथा इसमें 17 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। इनमें से 6 ग्राम पंचायतों सिसरौली, करौथा, घुसकानी, पटवापुर, सैम्पल एवं कसरैंटी को सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत के रूप में चुना गया। इस अभियान के दौरान पोषण ट्रैकर से डाटा लिया गया। अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्रों में ढांचागत सुविधाओं समय पर राशन का वितरण तथा समयबद्ध टीकाकरण इत्यादि मापदंडों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत का चयन किया गया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में चिन्ह्ति किए गए सैम व मैम बच्चों को स्वस्थ बनाने के लिए पोषण आहार इत्यादि उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्र स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर महिलाओं को संतुलित आहार बारे जागरूक किया जाए ताकि सभी बच्चे स्वस्थ रहे। उन्होंने कहा कि जिला के चिन्ह्ति आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल व शौचालयों के कार्य को मिशन मोड में पूरा करवाया जाए। उन्होंने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को निर्देश जारी किए वे सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में सोलर पैनल लगाने बारे एस्टीमेट तैयार करें। उन्होंने कहा कि जिला में स्थित पंचायत की सभी सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाए।
सचिन गुप्ता ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर बारे महिलाओं को निरंतर जागरूक किया जाए। उन्होंने गत अगस्त 2025 से अब तक पांच बच्चों को गोद दिया है तथा तीन बच्चों को प्री अडोप्शन की प्रक्रिया के तहत गोद दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला में बाल उत्सव के तहत गतिविधियों की योजना तैयार की जाए। विभाग द्वारा डिजिटल सखी के तहत महिलाओं को ऑनलाइन साइबर सुरक्षा के दृष्टिगत जागरूक किया गया है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किशोरियों को सेनेटरी पैड के प्रयोग करने एवं व्यक्तिगत हाईजिन अपनाने बारे जागरूक करें। जिला में महिला संरक्षण अधिकारी के नेतृत्व में 9 बाल विवाह रूकवाए गए। उन्होंने पोक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा इत्यादि के मामलों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह, महिला संरक्षण अधिकारी करमिन्द्र कौर, सीडीपीओ मंजू यादव, शालिनी, सुपरवाईजर कविता, प्रीति, दीपिका के अलावा रिंकू, सीमा, संतोष, मोनी, पूनम, स्नेहलता, निहारिका, विश्वराज आदि उपस्थित रहे।

