Tuesday, September 9, 2025
Homeहरियाणारोहतकरोहतक शहर में बेहतर पानी आपूर्ति के लिए 252 करोड़ रुपए की...

रोहतक शहर में बेहतर पानी आपूर्ति के लिए 252 करोड़ रुपए की 3 परियोजनाओं को मिली स्वीकृति

रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि स्वच्छ एवं समुचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति के लिए 250 करोड़ से भी अधिक की तीन परियोजनाओं की स्वीकृति सरकार से मिल चुकी है।

इन परियोजनाओं पर जल्द कार्य शुरू हो जाएगा। पेयजल आपूर्ति को लेकर उपायुक्त ने आज नगर की विभिन्न कॉलोनियों का दौरा किया। घरों में जाकर अपने सामने ही पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई। नागरिकों से पेयजल की शुद्घता व आपूर्ति के बारे में फीडबैक प्राप्त की। मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि नगर की पेयजल आपूर्ति को और अधिक बेहतर बनाने के लिए 210 करोड़, 16.35 करोड़ तथा 26 करोड़ रूपए की तीन अलग-अलग परियोजनाओं की स्वीकृति सरकार से मिल चुकी है। इन परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 210 करोड़ रुपए की परियोजना से गांव पहरावर, कन्हेली, बलियाणा, बोहर, सुनारिया खुर्द, सुनारिया कलां व खेड़ी साध आदि को जल आपूर्ति करने वाले जलघर की क्षमता को बढ़ाया जाएगा और मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा। इसके अलावा जलघर को सीधा जवाहर लाल नेहरू कैनाल से जोड़ा जाएगा।
16.35 करोड़ की परियोजना से क्षतिग्रस्त अथवा खराब हो चुकी पेयजल पाइपलाईन को बदलने का कार्य किया जाएगा।

इसी प्रकार से 26 करोड़ रूपए की परियोजना से सोनीपत रोड स्थित जलघर से जवाहर लाल नेहरू कैनाल तक राईजिंग मेन व एक एसएस टैंक बनाने आदि के कार्य किए जाएंगे।

सचिन गुप्ता ने झज्जर रोड स्थित द्वितीय जल घर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जल घर के वॉटर टैंक का निरीक्षण कर पानी के शुद्धिकरण की समूची प्रक्रिया को देखा। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर पानी के नमूने लेकर अपने सामने ही केमिकल का प्रयोग करके पानी की शुद्धता को परखा।

उन्होंने द्वितीय जल घर का निरीक्षण करने के उपरांत गांव कन्हेली स्थित 20 एमएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। इसके उपरांत उन्होंने शुगर मिल क्षेत्र में बनाए गए बूस्टिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया और वहां पर पानी की गुणवत्ता की जांच करवाई।

उपायुक्त इसके बाद स्थानीय राजेंद्र कॉलोनी में पहुंचे और अलग-अलग घरों से पानी के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करवाई। जांच में पानी शुद्ध पाया गया। सचिन गुप्ता ने इस दौरान कॉलोनी निवासियों से पानी की आपूर्ति बारे जानकारी भी ली।

RELATED NEWS

Most Popular