Wednesday, December 31, 2025
Homeहरियाणारोहतकरोहतक जिला की 29 योजनाओं को स्वीकृति मिली, 53 करोड़ रुपए से...

रोहतक जिला की 29 योजनाओं को स्वीकृति मिली, 53 करोड़ रुपए से अधिक की राशि होगी खर्च

रोहतक : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चण्डीगढ़ में आयोजित हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की 57 वीं बैठक में जिला में वर्ष 2025-26 के लिए बाढ़ बचाओ की 29 योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिन पर 53 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि खर्च होगी। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्त एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में जुड़े।

उपायुक्त सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंस कक्ष में अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक से जुड़े। सचिन गुप्ता ने कहा कि बोर्ड द्वारा जिला में बाढ़ बचाओ प्रबंधों के लिए जिला प्रशासन द्वारा भेजी गई 29 योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन बाढ़ बचाओ कार्यों पर 53 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि खर्च होगी तथा यह योजनाएं पूर्ण होने के उपरांत जिला में जलभराव रोकने में मदद मिलेगी।

उपायुक्त ने कहा कि इन बाढ़ बचाओ योजनाओं में ग्राम भैणी सुरजन, भैणी चंद्रपाल एवं सैमाण के निचले क्षेत्रों से जल निकासी हेतु भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिस पर 12 करोड़ 37 लाख रूपए से अधिक की राशि खर्च होगी। ग्राम बैंसी में महम ड्रेन के विभिन्न स्लफिंग क्षेत्रों में कृषि भूमि एवं आबादी क्षेत्र की सुरक्षा हेतु आरसीसी सुरक्षा दीवार के निर्माण पर 4 करोड़ 95 लाख रूपए की राशि खर्च होगी। ग्राम मोखरा खेड़ी की आबादी की सुरक्षा हेतु मदीना लिंक ड्रेन के बाएं किनारे आरडी 0 से 2280 तक आरसीसी सुरक्षा दीवार निर्माण पर 3 करोड़ 19 लाख रूपए खर्च होंगे।

उपायुक्त ने कहा कि ग्राम भैणी मातो में बाढ़ जल निकासी हेतु आरसीसी पाइपलाइन बिछाने पर 2 करोड़ 68 लाख रूपए से अधिक की राशि खर्च होगी। ग्राम सैमाण में बाढ़ जल निकासी हेतु आरसीसी पाइपलाइन बिछाने पर 2 करोड़ 37 लाख रूपए की राशि खर्च होगी। पाकस्मा डे्रन तक पाइपलाइन बिछाने के कार्य पर 3 करोड़ 15 लाख रूपए खर्च होंगे। आसन लिंक ड्रेन के कैचमेंट क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु भूमिगत पाइपलाइन बिछाने तथा आरडी 24000 (टेल) पर पंप हाउस निर्माण पर 3 करोड़ 87 लाख रूपए की राशि खर्च होगी। ग्राम फरमाना खास के निचले क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु पाइपलाइन बिछाने पर 1 करोड़ 34 लाख रूपए खर्च होंगे।

सचिन गुप्ता ने कहा कि ग्राम बहलबा के कैचमेंट क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु आरसीसी भूमिगत पाइपलाइन बिछाने तथा महम ड्रेन के आरडी 82150/आर पर समपवेल निर्माण पर 1 करोड़ 6 लाख रूपए खर्च होंगे। ग्राम जसिया में आबादी क्षेत्र की सुरक्षा हेतु राजकीय महाविद्यालय से खानी लिंक ड्रेन में आउटफॉल तक आरसीसी ट्रफ निर्माण पर 1 करोड़ 6 लाख रूपए की राशि खर्च होगी।

शहीदी पार्क महम ड्रेन के आरडी 81000 एवं 86000 (पाइपलाइन) पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु नए पंपों एवं 2 नग समपवेल की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग पर 1 करोड़ 50 लाख रूपए की राशि खर्च होगी।  ग्राम सैमाण में जुई फीडर के आरडी 32250 पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में बाढ़ सुरक्षा हेतु नए पंपों की प्रतिस्थापन, स्थापना एवं कमीशनिंग पर 1 करोड़ 35 लाख रुपए की राशि खर्च होगी।

अन्य बाढ़ बचाओ प्रबंधों में ग्राम नांदल के खेतों के निचले क्षेत्रों से बाढ़ जल निकासी हेतु भूमिगत पाइपलाइन बिछाने पर 69 लाख रूपए से अधिक की राशि खर्च होगी। अन्य बाढ़ बचाआ प्रबंधों में ग्राम पाकस्मा में बलियाना रोड पाकस्मा ड्रेन पर समपवेल में 1 नग 5 क्यूसेक क्षमता पंप (मोटर व पैनल सहित) तथा 2 नग 10 क्यूसेक क्षमता वीटी पंपों की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग, खरखौदा बाइपास के निकट ग्राम सांपला व चुलियाना में 5/10 क्यूसेक क्षमता वीटी पंपों की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग शामिल हैं।

उपायुक्त ने कहा कि इन कार्यों में ग्राम भालौठ, किलोई, आसन एवं धामड़ में विभिन्न अस्थायी स्थलों पर 5/10 क्यूसेक क्षमता वीटी पंप (मोटर व पैनल सहित) की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग, गांधरा ड्रेन के आरडी 18000-आर (ग्राम इस्माइला) तथा डुल्हेड़ा डिस्ट्री के आरडी 33600-आर (ग्राम चुलियाना) पर 5 नग 5 क्यूसेक क्षमता वीटी पंप (मोटर व पैनल सहित) की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग, खरावड़ आरडी 20200-लेफ्ट तथा डुल्हेड़ा डिस्ट्री (लेफ्ट व राइट) पर विभिन्न अस्थायी स्थलों पर 4 नग 5 क्यूसेक क्षमता वीटी पंप (मोटर व पैनल सहित) की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग, ग्राम शिमली की आबादी क्षेत्र में रोहतक लिंक ड्रेन के आरडी 1100 से 1750 तक आरसीसी ट्रफ का निर्माण शामिल हैं।  ग्राम भैणी सुरजन में जुई फीडर की आरसीसी पाइपलाइन (सभी चरणों सहित) पर बाढ़ सुरक्षा हेतु नए पंपों की आपूर्ति, स्थापना एवं कमीशनिंग, रोहतक में बाढ़ जल निकासी हेतु एचडीपीई पाइपों की खरीद, आसन लिंक ड्रेन के कैचमेंट क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु भूमिगत पाइपलाइन बिछाने तथा आरडी 24000 (टेल) पर पंप हाउस निर्माण, ग्राम लाढौत के निचले क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु भूमिगत पाइपलाइन बिछाने, ग्राम कंसाला के निचले क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु भूमिगत पाइपलाइन बिछाने, ग्राम आंवल के खेतों के निचले क्षेत्रों से बाढ़ जल निकासी एवं आबादी क्षेत्र की सुरक्षा हेतु पाइपलाइन बिछाने को स्वीकृति मिली है।

इन बाढ़ बचाओ कार्यों में ग्राम मसूदपुर के निचले क्षेत्रों से बाढ़ जल निकासी हेतु एचडीपीई पाइपलाइन बिछाने, ग्राम बालंद के निचले क्षेत्रों से बाढ़ जल निकासी हेतु पहले से बिछाई गई आरसीसी पाइपलाइन के माध्यम से जालंधर नहर के साथ डिच ड्रेन में 250 मि.मी. व्यास की एचडीपीई पाइपलाइन बिछाने, ग्राम भैणी चंद्रपाल रोड के निचले क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु एचडीपीई भूमिगत पाइपलाइन बिछाने, ग्राम भैणी महाराजपुर के खेतों के निचले क्षेत्र से बाढ़ जल निकासी हेतु एचडीपीई भूमिगत पाइपलाइन बिछाना शामिल हैं।

बैठक में सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता बलराज, जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता शिवराज, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल सहित कार्यकारी अभियंताओं में अरूण मुंजाल, राजीव राठी, राजेश भारद्वाज, संजीव कुमार, संदीप सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular