लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा अप्रैल और मई माह में नई भर्ती प्रक्रिया के शुरू करने का एलान किया है। बोर्ड ने अप्रैल और मई में 28,138 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करेगा।
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने उत्तर प्रदेश शासन के रोडमैप के अनुरूप आगामी भर्ती प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार कर ली है। बोर्ड अप्रैल 2025 के अंतिम सप्ताह या मई 2025 के प्रथम सप्ताह से अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इस भर्ती प्रक्रिया में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 4,242 पद, प्लाटून कमांडर (पीएसी) के 135 पद, प्लाटून कमांडर (विशिष्ट बल) के 60 पद और जनपद बंदायू, लखनऊ व गोरखपुर के लिए महिला पीसी के 106 पद शामिल हैं, जिसके तहत कुल 4,543 पदों पर उप निरीक्षक स्तर की भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, आरक्षी स्तर पर भी विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया उसी समय शुरू होगी। इसमें आरक्षी पीएसी, आरक्षी विशिष्ट बल और महिला आरक्षी पीएसी के 15,904 पद, आरक्षी (नागरिक पुलिस) के 3,245 पद, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद और जेल वार्डन के 2,833 पद शामिल हैं, जिसके तहत आरक्षी स्तर पर कुल 22,053 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह, कुल 26,596 पदों पर भर्ती प्रक्रिया निकट भविष्य में प्रारंभ होगी।
कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 1153 पदों पर भी होगी भर्ती
साथ ही, रेडियो सहायक परिचालक के 44 पद और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,153 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया में अग्रिम कार्यवाही अप्रैल-मई 2025 में शुरू की जाएगी। इस प्रकार निकट भविष्य में कुल अठाईस हज़ार से अधिक पदों हेतु विभिन्न पदों पर भर्ती की कार्यवाही इस वर्ष प्रारम्भ की जायेगी। कुशल खिलाड़ी के अन्तर्गत उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 91 पदों व आरक्षी नागरिक पुलिस 372 एवं आरक्षी पीएसी 174 पदों के लिए भी कार्यवाही प्रचलित है। इसमें अप्रैल माह, 2025 के तीसरे सप्ताह से अभिलेखों की संवीक्षा एवं खेल कौशल परीक्षण की प्रकिया प्रारम्भकी जायेगी। सभी भर्तियों के संबंध में शीघ्र ही यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट व सोशिल मीडिया पर शीघ्र ही अग्रिम सूचना दी जायेगी।