Friday, May 3, 2024
Homeउत्तर प्रदेशCM योगी आदित्यनाथ बोले- अयोध्या और काशी के बाद अब फोकस मथुरा-वृंदावन...

CM योगी आदित्यनाथ बोले- अयोध्या और काशी के बाद अब फोकस मथुरा-वृंदावन पर

- Advertisment -
- Advertisment -

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा और वृंदावन पर सरकार का पूरा फोकस है। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने न्यायालयों में चल रहे मामलों में भी जीत मिलने की उम्मीद जताई। साथ ही कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों को चेतावनी भी दी कि मातृ शक्ति का अपमान करने वालों को पूरा देश सबक सिखाने के लिए तैयार है।

सीएम ने कहा कि मथुरा राधा रानी और यमुना मइया की भूमि है। यहां मातृशक्ति पर ओछी टिप्पणी करने वालों को भगवान भी बचा पाएंगे या नहीं, इसमें भी संदेह है। मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां सेठ बी.एन. पोद्दार इण्टर कॉलेज मैदान में आयोजित विजय संकल्प नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वर्तमान सांसद और बीजेपी की ओर से लोकसभा प्रत्याशी हेमा मालिनी के पक्ष में प्रचार किया। सीएम योगी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं।

राजनीति करने लायक नहीं रहेंगे इंडी गठबंधन वाले

मुख्यमंत्री ने वर्तमान सांसद हेमा मालिनी को तीसरी बार प्रतिष्ठित मथुरा सीट से नामांकन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीसरी बार हेमा जी यहां से प्रत्याशी बनी हैं तो दूसरी पार्टियों के पास प्रत्याशी ढूंढे नहीं मिल रहे। उन्हें उधार में प्रत्याशी लेने पड़ रहे हैं और जब उधार में भी नहीं मिल रहे तो कांग्रेस के नेता अपना आपा खो चुके हैं। मातृ शक्ति पर अपमानजनक टिप्पणी करके आधी आबादी का अपमान करने पर उतारू हो चुके हैं। मगर इंडी गठबंधन वालों को जानकारी होनी चाहिए कि ये राधे रानी और यमुना मइया की भूमि है। अगर आधी आबादी का अपमान करोगे तो पूरा भारत ऐसा सबक सिखाएगा कि राजनीति करने लायक नहीं रहोगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, मगर इसका मतलब ये नहीं कि हम मातृशक्ति का अपमान करे।

56 इंच चौड़ा राष्ट्रीय स्वाभिमान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार भारत ने ऐसी सरकार को देखा है, जिसने भारत की भावना के अनुरूप उसके सम्मान की रक्षा की, सुरक्षा और समृद्धि का वातावरण प्रदान किया। राष्ट्रीय स्वाभिमान को 56 इंच चौड़ा करते हुए दुनिया में भारत के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है। आज देश में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो रहा, गरीब कल्याण की योजनाएं गरीबों तक सीधे पहुंच रही हैं।

हेमा ने मथुरा से किया नामांकन

दो बार से मथुरा की सांसद मशहूर फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने गुरुवार को तीसरी बार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना नामांकन किया। हेमा मालिनी ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच कर अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, माट विधायक राजेश चौधरी मौजूद रहे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular