Saturday, September 5, 2026
Homeदिल्लीशिक्षक दिवस : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान...

शिक्षक दिवस : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu)  ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में देशभर के शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर राष्ट्रपति ने शिक्षा को संविधान में निहित ‘अवसर की समानता’ के आदर्श को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया और शिक्षकों के योगदान की सराहना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई बीच में छोड़ने की दर के नगण्य स्तर पर पहुंचना शिक्षकों के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस राष्ट्रीय उपलब्धि के लिए सभी शिक्षकों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा पूरी शिक्षा व्यवस्था की आधारशिला है। ज्ञान और कौशल कभी भी हासिल किए जा सकते हैं, लेकिन बचपन में सदाचार की शिक्षा देना अधिक प्रभावी होता है। प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक और नैतिक विकास पर ध्यान देकर शिक्षक अच्छे विद्यार्थियों और कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों की भावी पीढ़ियां तैयार कर सकते हैं।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि अनेक विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और कुछ अपने परिवार में पहली पीढ़ी के विद्यार्थी होते हैं। कुछ विद्यार्थी गांव के सामान्य स्कूल से शहर के बड़े स्कूल में आते हैं, तो कुछ स्वभाव से संकोची होते हैं। कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में आत्मविश्वास की कमी होती है, जबकि कुछ विद्यार्थियों की विशेष जरूरतें होती हैं। ऐसे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें आगे बढ़ाना शिक्षकों का विशेष दायित्व है।

उन्होंने कहा कि देश के विकास में शैक्षणिक उत्कृष्टता, कौशल विकास और उद्यमिता का महत्वपूर्ण स्थान है। भारत को ज्ञान की महाशक्ति के साथ-साथ विश्व के कौशल केंद्र के रूप में स्थापित करना राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में शामिल है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि देश विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। विश्वस्तरीय शिक्षा व्यवस्था के बल पर ही विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। शिक्षक शिक्षा व्यवस्था में प्राण-वायु का संचार करते हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि देश का एक भी विद्यार्थी अच्छी शिक्षा के अवसर से वंचित न रहे। बता दें कि इस साल तीन विभागों से 82 शिक्षकों और शिक्षाविदों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चुना गया है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular