- जिलाभर में सड़क सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में सड़क दुर्घटनाओं में जन-धन की हानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से सभी सडक़ स्वामित्व वाली एजेंसियों एवं संबंधित विभागों को व्यापक सड़क सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिन गप्ता लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला सडक़ सुरक्षा समिति (डीआरएससी) एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सड़क सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
यातायात नियमों के सख्त पालन के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिले के चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष नाके स्थापित किए जाएं तथा यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाए। बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब के नशे में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने तथा रेड लाइट जंप करने वालों के विरुद्ध चालान किए जाएं।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जहां संभव हो, शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्वत: चालान (ऑटोमेटिक चालान) जारी किए जाएं। बैठक में बताया गया कि शहर में लगाए गए 250 सीसीटीवी कैमरों में से वर्तमान में 236 कैमरे कार्यरत हैं। उपायुक्त ने नगर निगम एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि शेष कैमरों को भी शीघ्र चालू कराया जाए ताकि निगरानी व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन करने तथा सडक़ दुर्घटना पीडि़तों की गोल्डन ऑवर के दौरान सहायता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सडक़ दुर्घटना देखता है तो तुरंत आपातकालीन सहायता सेवा ईआरएसएस-112 पर सूचना दें तथा घायल को निकटतम अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करे। उन्होंने बताया कि सडक़ दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले गुड सेमेरिटन (नेक नागरिक) को हरियाणा सरकार द्वारा नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), यातायात पुलिस तथा क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) को संयुक्त रूप से मृत्यु दर बढ़ने के कारणों का विश्लेषण करने तथा इंजीनियरिंग, प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता आधारित व्यापक कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों के प्रति शून्य सहनशीलता
उपायुक्त ने एनएचएआई को निर्देश दिए कि जिला से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर कोई भी अवैध कट शेष नहीं रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जहां वास्तविक जनहित की आवश्यकता हो, वहां नियमानुसार अधिकृत कट देने के प्रस्तावों पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि बार-बार अवैध कट बनाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए तथा स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से रोहतक बाईपास पर टिटौली के निकट बने अवैध मीडियन कट पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए एनएचएआई एवं यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि इसे कंक्रीट बैरियर लगाकर स्थायी रूप से बंद किया जाए।
बैठक में वर्ष 2026 के दौरान जिले में सामने आए 36 हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई। इनमें रोहतक सदर एवं सांपला थाना क्षेत्र में सर्वाधिक घटनाएं दर्ज होने पर पुलिस विभाग को इन क्षेत्रों में गश्त एवं प्रवर्तन गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सड़क किनारे मौजूद खतरों को तत्काल दूर किया जाए
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी सड़क स्वामित्व वाली एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे जिलेभर में सर्वेक्षण कर सड़क के बीच अथवा सडक़ के अत्यधिक निकट स्थित बिजली के खंभों की पहचान करें तथा संबंधित विभागों के समन्वय से उन्हें हटाने अथवा स्थानांतरित करने की कार्रवाई करें। उन्होंने सड़क स्वामित्व वाली एजेंसियों को वन विभाग के सहयोग से सड़क किनारे दृश्यता में बाधा बनने वाले पेड़ों एवं झाड़ियों की नियमित छंटाई कराने के भी निर्देश दिए।
सचिन गुप्ता ने बहु अकबरपुर रोड पर स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग को एक सप्ताह के भीतर सभी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के कारण कोई सड़क दुर्घटना होकर जनहानि होती है तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
मॉडल सड़कें एवं सुरक्षित स्कूल वाहन व्यवस्था
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने निर्धारित मॉडल रोड के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा संबंधित एसडीएम को इन कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अगले चार माह के भीतर जिले में संचालित प्रत्येक निजी स्कूल बस का निरीक्षण कर निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें। जिन वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएं, उन्हें कमियां दूर होने तक स्कूली बच्चों के परिवहन की अनुमति न दी जाए।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा
सचिन गुप्ता ने बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग हटाने, राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) से अतिक्रमण हटाने, एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) को पूर्ण रूप से संचालित करने तथा चिन्हित दुर्घटना ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने निर्देश दिए कि जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स को पूर्ण रूप से सक्रिय किया जाए तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार प्रत्येक पंद्रह दिन में समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि लंबित सडक़ सुरक्षा कार्यों पर अद्यतन कार्यवाही प्रतिवेदन (एटीआर) अगली समीक्षा बैठक से पूर्व क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण, रोहतक को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एसडीएम सांपला अंकिता पुवार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, एसडीएम रोहतक आशीष कुमार, एसडीएम महम विपिन कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

