Wednesday, October 21, 2026
Homeहरियाणारोहतकडीसी, पूर्व मंत्री और मेयर ने पार्षदों संग की बैठक, पेयजल, सीवर...

डीसी, पूर्व मंत्री और मेयर ने पार्षदों संग की बैठक, पेयजल, सीवर और जल निकासी का मुद्दा उठा

रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह, नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर तथा मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने निगम पार्षदों की उपस्थिति में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ शहर की पेयजल, सीवर तथा जल निकासी से संबंधित समस्याओं पर विस्तृत बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में पेयजल व सीवर इत्यादि की जन सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समन्वय बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पार्षदों की मांग के अनुरूप कार्य करवाये जाये। अधिकारी नागरिकों को पर्याप्त व शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रबंध करें। संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार ही कार्य करवाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शहर में गड्ढे न हो। यदि किसी पाइप लाइन लिकेज अथवा सीवर इत्यादि के कार्य के कारण खुदाई की जाती है तो सुरक्षा के सभी प्रबंध किये जाये।

सतबीर सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में सर्वेक्षण कर पेयजल के वाणिज्यिक प्रयोग के अवैध कनैक्शनों को तुरंत काटा जाए ताकि सभी नागरिकों को शुद्ध व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जल घरों की नियमित अंतराल पर सफाई करवाई जाये। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी निगम पार्षदों के संपर्क में रहे और वार्डों में नागरिकों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाये।

नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दूहन ने कहा कि नगर निगम द्वारा जनस्वास्थ्य विभाग को सीवर व पेयजल से संबंधित समस्याओं से निदान के लिए हर आवश्यक मदद उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करें। जनस्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम मिलकर अभियान चलाएंगे, जिसके दौरान सड़कों पर सीवर के असमतल मैन हॉल को समतल करवाया जायेगा तथा क्षतिग्रस्त ढक्कनों का बदला जायेगा। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवर सफाई के दौरान गाद को तुरंत उठाया जाये। निर्माण या मरम्मत कार्य के दौरान सुनिश्चित किया जाये कि नागरिकों को कोई असुविधा न हो।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी खोखराकोट व जींद रोड के आसपास जल भंडारण के लिए जगह की चिन्हित करें ताकि इस क्षेत्र में नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी जल भंडारण के लिए स्थल की पहचान के उपरांत प्रस्ताव तैयार करें।

मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान शहर में यातायात प्रबंधन में सभी पार्षद अपना पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे पुराना बस अड्डा के नजदीक लडकों के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में वाहन पार्किंग के आवश्यक प्रबंध करवाये। सभी अधिकारी निगम पार्षदों द्वारा रखी जाने वाली समस्याओं का समय पर निपटारा करवाये।

मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा निगम पार्षदों की और से दी गई सूची अनुसार पेयजल व सीवर लाइन को दुरुस्त करवाया जाये। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को सीवर लाइन एवं पेयजल पाइप लाइन के बारे में आवश्यक सुझाव भी दिये। उन्होंने कहा कि पार्षदों के साथ नियमित रूप से ऐसी समन्वय बैठकों का आयोजन भविष्य में भी किया जायेगा।

इस अवसर पर नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, निगम पार्षद गण, जनस्वास्थ्य विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS

Most Popular