Tuesday, June 23, 2026
Homeहरियाणारोहतकलाखों लोगों के लिए राहत की खबर : रोहतक शहर के सबसे...

लाखों लोगों के लिए राहत की खबर : रोहतक शहर के सबसे पुराने जलघर के पुनर्विकास को मिली मंजूरी

  • 15 करोड़ से 94 साल पुराने जलघर में नया टैंक, 35 करोड़ लीटर पानी की क्षमता हो जाएगी

कविता.रोहतक : शहर के पुराने इलाकों में पानी की कमी और कम दबाव की समस्या से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। मानसरोवर पार्क के पास बने शहर के सबसे पुराने जलघर के पुनर्विकास को मंजूरी मिल गई है।

करीब 14.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट के बाद जलघर की भंडारण क्षमता 21.3 करोड़ लीटर से बढ़कर 35 करोड़ लीटर हो जाएगी। जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग का दावा है कि इससे पुराने शहर में पानी की कटौती और लो-प्रेशर की समस्या काफी हद तक खत्म होगी।

1932 की धरोहर को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

ब्रिटिश काल में वर्ष 1932 में बनाए गए इस जलघर ने करीब नौ दशक तक शहर की प्यास बुझाई है। समय के साथ शहर का दायरा और आबादी बढ़ी, लेकिन जलघर की क्षमता लगभग वहीं रही। अब विभाग इस ऐतिहासिक संरचना को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड करने जा रहा है ताकि आने वाले वर्षों की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

डेढ़ लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

मानसरोवर पार्क जलघर से पुराने शहर की करीब 80 कॉलोनियों और लगभग डेढ़ लाख लोगों को पानी की आपूर्ति होती है। बढ़ती आबादी के कारण सप्लाई पर दबाव बढ़ गया था, जिससे कई इलाकों में पानी की कटौती और कम प्रेशर की शिकायतें आम हो गई थीं। क्षमता बढ़ने के बाद इन समस्याओं में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

तीन तालाबों में होगा बड़ा बदलाव

जलघर परिसर में मौजूद तीन बड़े तालाबों में से एक लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है। प्रोजेक्ट के तहत इस तालाब का पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही तालाबों की दीवारों को मजबूत बनाकर लगभग दो-दो फीट ऊंचा किया जाएगा, जिससे पानी संग्रहण क्षमता में वृद्धि होगी।

बनेगा अतिरिक्त टैंक

भविष्य की जरूरतों और आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए परिसर में एक अतिरिक्त बड़ा जल भंडारण टैंक भी बनाया जाएगा। इससे किसी तकनीकी खराबी या पानी की मांग अचानक बढ़ने की स्थिति में सप्लाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी।

21.3 से 35 करोड़ लीटर तक पहुंचेगी क्षमता

वर्तमान में जलघर की कुल भंडारण क्षमता 21.3 करोड़ लीटर है। विस्तार कार्य पूरा होने के बाद यह बढ़कर 35 करोड़ लीटर हो जाएगी। विभाग के अनुसार यह वृद्धि शहर के पुराने हिस्से की पानी संबंधी जरूरतों को लंबे समय तक पूरा करने में सक्षम होगी।

शहर के चार प्रमुख जलघरों में सबसे अहम

रोहतक की करीब 6.50 लाख आबादी को पानी उपलब्ध कराने वाले चार प्रमुख जलघरों में मानसरोवर पार्क के सामने जलघर सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। यह शहर के घनी आबादी वाले केंद्रीय क्षेत्रों को कवर करता है और सबसे अधिक लोड भी इसी पर रहता है।

RELATED NEWS

Most Popular