Tuesday, August 4, 2026
Homeदेशहरियाणा सचिवालय में कार्यक्रम : CM सैनी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय...

हरियाणा सचिवालय में कार्यक्रम : CM सैनी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

चंडीगढ़ : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर हरियाणा सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल सही मायने में राष्ट्रीय एकता के प्रतीक और अखंड भारत के शिल्पी थे। आजादी के बाद उन्होंने भारत के प्रथम गृह मंत्री के रूप में अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता से देश की नींव मजबूत की। उस समय देश सैकड़ों रियाासतों और राजघरानों में बंटा हुआ था, लेकिन सरदार पटेल ने 562 रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर अखंड भारत और राष्ट्रीय एकता की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज भारत दुनिया की महाशक्ति बनने की राह पर है, जिसकी नींव सरदार पटेल ने रखी थी। उनके अखंड भारत के सपने को प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर साकार किया। प्रधानमंत्री ने गुजरात के नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर सरदार पटेल को युगों-युगों तक जीवित रखने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबको सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दिवस न केवल एक महापुरुष को स्मरण करने का अवसर है, बल्कि यह हम सबको एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में मुख्य सचि अनुराग रस्तोगी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के बेजोड़ शिल्पी सरदार पटेल को नमन किया।

इस दौरान गृह विभाग की सूचना, जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular