Rohtak news: योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहतक के तत्वावधान में नवयुग शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भैयापुर लाढ़ौत में आयोजित जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रोहतक जिले के लगभग 200 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि नवयुग शिक्षा निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक सुरेश चंद्र देशवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिजेंद्र हुड्डा ने कहा कि योगासन आज केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है, नियमित अभ्यास से शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, धैर्य और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रोहतक जिले और हरियाणा का नाम गौरवान्वित करें।
विशिष्ट अतिथि सुरेश चंद्र देशवाल ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल और योग को समान महत्व देता है, ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहतक के प्रधान रणबीर सिंह हुड्डा, महासचिव डॉ. जनक राज, जितेंद्र, रवि हुड्डा, सविता (योग ऑफिशियल) सहित अनेक पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन रोहतक के महासचिव डॉ. जनक राज ने बताया कि ट्रेडिशनल इवेंट के विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। परिणाम इस प्रकार रहे—
लड़कों के वर्ग में 8–10 वर्ष आयु वर्ग में सौरभ ने स्वर्ण, सुप्रीत ने रजत तथा इकलव ने कांस्य पदक जीता। 10–12 वर्ष में यश कुमार ने स्वर्ण, आरव सिंह ने रजत तथा लक्ष्य एवं सत्यम ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्राप्त किया। 12–14 वर्ष में अभिनव ने स्वर्ण, टिंकू ने रजत तथा रिहान एवं रितिक ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक जीता। 14–16 वर्ष में आदर्श ने स्वर्ण, दक्ष ने रजत तथा दीपांशु ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 16–18 वर्ष में जिज्ञासु ने स्वर्ण, रिंकू ने रजत तथा जतिन ने कांस्य पदक हासिल किया। 18–21 वर्ष में सुखबीर ने स्वर्ण पदक जीता। 30–35 वर्ष में प्रवीण कुमार, 35–45 वर्ष में राहुल तथा 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में राजेंद्र हुड्डा ने स्वर्ण पदक जीते। इसी वर्ग में हुकम सिंह ने रजत तथा सुखबीर एवं धर्मवीर ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्राप्त किया।
लड़कियों के वर्ग में 8–10 वर्ष आयु वर्ग में याक्षि बल्हारा ने स्वर्ण, देवांशी ने रजत तथा देवीना एवं यामिनी ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक जीता। 10–12 वर्ष में पूर्ति ने स्वर्ण, अनन्या दहिया ने रजत तथा प्रीति एवं प्रिंसी ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्राप्त किया। 12–14 वर्ष में पारीशा ने स्वर्ण, हिमांशी ने रजत तथा लक्षिता एवं मेघा ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक जीता। 14–16 वर्ष में रक्षिता ने स्वर्ण तथा मुस्कान ने रजत पदक जीता। 16–18 वर्ष में सुहाना ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
महिला वर्ग में 30–35 वर्ष आयु वर्ग में विजेता ने स्वर्ण तथा रितु ने रजत पदक जीता। 35–45 वर्ष में ज्योति ने स्वर्ण, रजनी ने रजत तथा रेखा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अनीता फौगाट ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके अतिरिक्त सब-जूनियर (8–14 वर्ष) आर्टिस्टिक सोलो प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। लड़कों के वर्ग में अभिनव ने स्वर्ण, आदर्श ने रजत तथा यश कुमार ने कांस्य पदक जीता। वहीं लड़कियों के वर्ग में पारीशा ने स्वर्ण, अनन्या ने रजत तथा परिधि एवं देवीना ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्राप्त किया।
अंत में महासचिव डॉ. जनक राज ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के सभी स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी 1 एवं 2 अगस्त 2026 को सिरसा में आयोजित होने वाली 42वीं हरियाणा राज्य योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में रोहतक जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रोहतक के खिलाड़ी राज्य प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे तथा अधिक से अधिक पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करेंगे।

