दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह, एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अब तक डाक्टरों ने 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह रेस्टोरेंट बेसमेंट में चल रहा था, जहां आग लगने के बाद बिल्डिंग में तेजी से फैली और पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने बेसमेंट में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
वहीं अग्निकांड पर संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण) विजय कुमार ने कहा, हम इमारत के मालिक से संबंध में जांच कर रहे हैं।
वही इस अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर लिखा- मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
अग्निकांड पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने दुख जताया है। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा कि मालवीय नगर में हुई भीषण अग्निकांड की घटना में हुई जनहानि से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करती हूं।

