HBSE Board Exams 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत सेकेण्डरी/सीनियर सेकेण्डरी (नियमित/मुक्त विद्यालय) एवं गुरुकुल/विद्यापीठ (पूर्व मध्यमा सह माध्यमिक/उत्तर मध्यमा सह वरिष्ठ माध्यमिक) की द्वितीय वार्षिक परीक्षा 21 अप्रैल से 01 मई, 2026 तक आयोजित करवाने का निर्णय लिया गया है। तिथि-पत्र व आवश्यक दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध हैं। इन परीक्षाओं का समय दोपहर 02:00 बजे से सांय 5:00 बजे तक रहेगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षाओं का आयोजन 21 अप्रैल से 01 मई, 2026 तथा सेकेण्डरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की परीक्षाओं का आयोजन 21 अप्रैल से 28 अप्रैल, 2026 तक करवाया जाएगा। परीक्षा केन्द्र की जानकारी एडमिट कार्ड पर उपलब्ध होगी। संबन्धित परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड शीघ्र ही जारी कर दिए जाएंगे। परीक्षार्थी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

