Saturday, September 5, 2026
HomeदेशHAU विद्यार्थियों को मिलेंगे अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के नए अवसर, वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी...

HAU विद्यार्थियों को मिलेंगे अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के नए अवसर, वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी देगी फीस में छूट व फेलोशिप

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर खुलने जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी द्वारा भारत के ग्रेटर नोएडा में अपना कैंपस शुरू किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ग्लोबल पार्टनरशिप्स एंड ट्रांसनेशनल एजुकेशन की प्रो-वाइस चांसलर डॉ. निकोलीन मरडोक ने हकृवि कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज से मुलाकात के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

डॉ. निकोलीन मरडोक ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित प्रस्तावित कैंपस में मुख्य रूप से एमबीए तथा मास्टर ऑफ साइंस (सस्टेनेबल वाटर मैनेजमेंट) कार्यक्रम शुरू किए जाने की योजना है। उन्होंने हकृवि के विद्यार्थियों के लिए फीस में छूट तथा फेलोशिप के अवसर उपलब्ध कराने के प्रति वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी की प्रतिबद्धता भी दोहराई। डॉ. निकोलीन मरडोक ने हकृवि में उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे एवं शैक्षणिक संसाधनों की सराहना की। उन्होंने वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी में मास्टर, पीएच.डी. एवं स्नातक स्तर के ड्यूल डिग्री कार्यक्रमों में अध्ययनरत हकृवि के विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन एवं सहभागिता की भी प्रशंसा की। डॉ. निकोलीन मरडोक ने विद्यार्थियों को वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी में उपलब्ध शैक्षणिक कार्यक्रमों, अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के अवसरों तथा करियर संभावनाओं की जानकारी दी।

कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने कहा कि हकृवि की समृद्ध कृषि अनुसंधान विरासत और वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के वैश्विक शैक्षणिक एवं अनुसंधान संसाधनों के बीच बेहतर तालमेल से विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बाजार आधारित, नवाचारपरक एवं जलवायु-अनुकूल कृषि के लिए विद्यार्थियों में आवश्यक कौशल विकसित करने में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुलाकात के दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शिक्षण, अनुसंधान, फैकल्टी एवं विद्यार्थी आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और व्यापक बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रो. काम्बोज ने दोनों विश्वविद्यालयों के बीच पहले से मौजूद शैक्षणिक समझौतों का अधिकतम उपयोग करने तथा इनके माध्यम से संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों एवं अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

अंतरराष्ट्रीय मामलों की प्रभारी डॉ. आशा कवात्रा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि हकृवि और वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी के बीच साझेदारी विद्यार्थियों के लिए लगातार नए एवं उपयोगी अवसर सृजित कर रही है। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, अधिकारी, शिक्षकों सहित डॉ. सरोज यादव, डॉ. दर्शना, डॉ. नवीन कौशिक व डॉ. मंजूनाथ उपस्थित रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular