Wednesday, July 15, 2026
HomeहरियाणारोहतकIHM Rohtak में स्थापित होगा हरियाणा का पहला आईएचएम इन्क्यूबेशन सेंटर

IHM Rohtak में स्थापित होगा हरियाणा का पहला आईएचएम इन्क्यूबेशन सेंटर

रोहतक : मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), रोहतक में हरियाणा का पहला आईएचएम इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर को पंजीकरण प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया है।
संस्थान के प्राचार्य शंभूनाथ गौतम ने बताया कि आईएचएम रोहतक के चेयरमैन एवं हरियाणा सरकार के पर्यटन एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त अमित अग्रवाल के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से स्थापित होने वाला यह इन्क्यूबेशन सेंटर आतिथ्य, पर्यटन एवं खाद्य सेवा क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, स्टार्टअप तथा उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करेगा। यह सेंटर विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं एवं युवा उद्यमियों को अपने व्यावसायिक विचारों को सफल स्टार्टअप में बदलने के लिए आवश्यक मेंटरशिप, प्रशिक्षण, तकनीकी एवं व्यावसायिक परामर्श, उद्योग से जुड़ाव, निवेशकों तक पहुंच तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा।
प्राचार्य शंभूनाथ गौतम ने बताया कि आईएचएम रोहतक में स्थापित होने वाला यह इन्क्यूबेशन सेंटर राज्य के आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में स्टार्टअप संस्कृति को नई पहचान देगा। इस पहल से युवाओं को नवाचार आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक संसाधन एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे हरियाणा देश के अग्रणी स्टार्टअप राज्यों में अपनी स्थिति और अधिक मजबूत करेगा। पंजीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त होने के साथ ही इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से गति मिल गई है। आगामी समय में सेंटर के माध्यम से उद्यमिता विकास कार्यक्रम, स्टार्टअप बूट कैंप, नवाचार कार्यशालाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान, उद्योग-अकादमिक सहयोग कार्यक्रम तथा निवेशक संवाद जैसे विविध आयोजन किए जाएंगे।
संस्थान के प्राचार्य शंभूनाथ गौतम ने बताया कि आईएचएम रोहतक की यह पहल हरियाणा सरकार की स्टार्टअप, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे राज्य के युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में नवाचार आधारित उद्यमिता को नई ऊर्जा मिलेगी।
RELATED NEWS

Most Popular