हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) वार्षिक परीक्षा मार्च-2026 के विद्यालयी/गुरुकुल/विद्यापीठों के परीक्षार्थियों के प्रमाण-पत्र, कंपार्टमेंट/अनुत्तीर्ण कार्ड एवं माइग्रेशन प्रमाण-पत्र प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों पर 20 जुलाई, 2026 को भेजे जा रहे हैं।
इस आशय की जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों/गुरुकुलों/विद्यापीठों के मुखिया उनके विद्यालय के परीक्षार्थियों के प्रमाण-पत्र, कंपार्टमैंट/अनुत्तीर्ण कार्ड एवं माइग्रेशन प्रमाण-पत्र 20 जुलाई, 2026 को प्रात: 11:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक तथा 21 जुलाई, 2026 को प्रात: 9:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक संबंधित जिले में स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। यदि विद्यालयों/गुरुकुलों/विद्यापीठों के मुखिया किन्हीं अपरिहार्य कारणों से उक्त वर्णित तिथियों में प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं कर पाते हैं तो ऐसी अवस्था में 21 जुलाई, 2026 के उपरान्त बोर्ड मुख्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि यदि विद्यालय मुखिया स्वयं प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं कर सकते हैं तो वे अपने विद्यालय के किसी भी अध्यापक/प्राध्यापक को इस कार्य के लिए प्राधिकृत कर सकते हैं। जिस अध्यापक/प्राध्यापक को विद्यालय के मुखिया द्वारा प्राधिकृत किया जाता है वे अपने साथ प्राधिकरण-पत्र अवश्य लेकर आएं अन्यथा उनको प्रमाण-पत्र नहीं दिए जाएंगे। प्राधिकरण-पत्र न होने के कारण प्रमाण-पत्र न मिलने की जिम्मेवारी स्वयं संस्था की होगी।

