Tuesday, September 8, 2026
Homeहरियाणारोहतकनहरों में प्रतिमा विसर्जन पर पूरी तरह रोक: गणेश महोत्सव को लेकर...

नहरों में प्रतिमा विसर्जन पर पूरी तरह रोक: गणेश महोत्सव को लेकर रोहतक प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

Rohtak News : उपायुक्त सतबीर सिंह ने गणेश महोत्सव के आयोजकों से पर्यावरण हितैषी व्यवहार अपनाने का आह्वान किया है। वे मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में गणेश महोत्सव को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों एवं उत्सव आयोजकों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वायु एवं जल प्रदूषण को रोकना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। सरकार तथा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा प्रदूषण के विषय को लेकर गंभीरता से मॉनिटरिंग की जा रही है।

सतबीर सिंह ने कहा कि गणेश उत्सव लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व है और इसे श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने आयोजकों को मिट्टी की प्रतिमाओं का प्रयोग करने का आह्वान किया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संदेश का भी उल्लेख किया। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान चिन्हित किए जाएंगे और केवल इन्हीं स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नहरों में किसी भी कीमत पर प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। उन्होंने आयोजकों को पंडालों में पूर्ण स्वच्छता बनाए रखने, आसपास गंदगी न फैलने देने तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए गणेश आगमन एवं विसर्जन शोभायात्राओं के दौरान विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में रोहतक एसडीएम आशीष कुमार, सांपला के एसडीएम अंकिता पुवार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, डीएसपी गुलाब सिंह तथा विभिन्न गणेश उत्सव आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular