Saturday, September 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशBihar Assembly Election : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिहार विधानसभा...

Bihar Assembly Election : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिहार विधानसभा के चुनावी रण में उतरे

Bihar Assembly Election :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार से बिहार विधानसभा के चुनावी रण में उतरे। वे दानापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव की नामांकन रैली में शामिल हुए। सीएम ने फुलवारी शरीफ से एनडीए प्रत्याशी श्याम रजक को भी जिताने की अपील की।

सीएम योगी यहां विपक्षी दल राजद व कांग्रेस पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की दौड़ को बाधित करने के लिए राजद, कांग्रेस व इंडी गठबंधन के सहयोगी दलों ने विकास बनाम बुरके की शरारत शुरू की है। जब बिहार विकास की चर्चा कर रहा है तो कांग्रेस, राजद ने बुरके की नई बहस को बढ़ाने का प्रयास किया है। सीएम ने कहा कि इन्हें फर्जी पोलिंग का अधिकार नहीं मिलना चाहिए। राजद व कांग्रेस फर्जी पोलिंग करवाने की चेष्टा कर रहे हैं, लेकिन विदेशी घुसपैठियों को यहां आकर बिहार के नागरिकों, गरीबों व दलितों के अधिकार पर डकैती की छूट नहीं मिलनी चाहिए। यह लोग ईवीएम नहीं, बल्कि पहले के जैसे जबर्दस्ती मतदान और मतपत्रों की छिनैती करना चाहते हैं। राजद व कांग्रेस बिहार को उसी कालखंड में ले जाने का प्रयास कर रही है।

1990 से 2005 तक बिहार के जंगलराज व परिवारवाद से हर कोई वाकिफ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1990 से 2005 तक फैले बिहार के जंगलराज और परिवारवाद को हर कोई जानता है। राजद व कांग्रेस को घेरते हुए सीएम योगी ने कहा कि इन लोगों ने बिहार की आध्यात्मिक ज्ञानभूमि को परिवारवाद और अपराध की भूमि बना दिया था। विकास के नाम पर फैलाई गई अराजकता किसी से छिपी नहीं है। उस समय पेशेवर माफिया, गुंडों को सत्ता का संरक्षण प्रदान कर बिहार के विकास को बाधित कर दिया गया था। जिस बिहार ने कभी भारत का नेतृत्व किया, 2000 वर्ष पहले भारत को स्वर्ण युग दिया। इन लोगों के कारण उस बिहार से लोग पलायन कर रहे थे।

राजद-कांग्रेस के भ्रष्टाचार व आपराधिक उद्योग को भी नियंत्रित करेगी एनडीए सरकार

सीएम ने कहा कि एनडीए सरकार राजद व कांग्रेस के भ्रष्टाचार व आपराधिक उद्योग को भी नियंत्रित करेगी। यूपी में माफिया जहन्नुम की यात्रा पर जा चुके हैं। यूपी में अपहरण उद्योग में लिप्त राजद के पार्टनर पहले छाती ठोककर अराजकता फैलाते थे, लेकिन आज उनकी दुर्गति हो रही है। इनकी प्रॉपर्टी जब्त कर गरीबों का आवास बना रहे हैं। सीएम ने पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहीं विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर कटाक्ष किया कि कांग्रेस-राजद के एजेंडे में गरीब कल्याण नहीं, बल्कि परिवार कल्याण था, जबकि एनडीए ने पूरे भारत व बिहार को परिवार मानकर बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ दिया।

सीएम योगी ने कहा कि एनडीए ने 20 वर्ष में बिहार को उस कलंक से मुक्त किया है। अब बिहार में विकास को कोई बाधित नहीं कर सकता। कोई अपराध को जन्मसिद्ध अधिकार या बपौती बनाकर अपहरण का उद्योग चलाने का दुस्साहस नहीं कर सकता। केंद्र व प्रदेश सरकार ने मिलकर विकास के जिन कार्यों को आगे बढ़ाया है, उसमें पेशेवर माफिया बाधक नहीं बन पाएंगे क्योंकि एनडीए सरकार यहां प्रभावी भूमिका में कार्य कर रही है। बिहार का नौजवान जब बाहर जाता है तो हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाता है, लेकिन 1990 से 2005 तक कुछ लोगों ने बिहार के नौजवानों की प्रतिभा को कुंद कर दिया था। बिहार लंबे समय तक यह दंश झेलता रहा। यहां अनेक घोटाले हुए। विकास कार्यों में खर्च होने वाले पैसे को चारा महाघोटाला में खर्च किया गया, वहीं एनडीए सरकार ने बिहार से पहचान का संकट समाप्त किया है। बिहार में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर दिखाई दे रहा है।

फर्जी पोलिंग चाहते हैं राजद-कांग्रेस

सीएम योगी ने कहा कि पारदर्शी व स्वच्छ चुनाव प्रक्रिया के तहत हर मतदाता को अपनी पहचान देनी है। पहचान पत्र दिखाकर ही हर कोई मतदान कर सकता है। एनडीए के सभी दल इसे आगे बढ़ाने की कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन राजद, कांग्रेस व उनके सहयोगी दल कहते हैं कि फर्जी पोलिंग होनी चाहिए। सीएम ने इसे लोकतंत्र के लिए चुनौती बताया और कहा कि इन्हें (राजद-कांग्रेस) बिहार के नागरिकों, नौजवानों, दलितों-वंचितों के अधिकार पर डकैती डालने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। जब चुनाव आयोग आगे बढ़ा तो यह लोग दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। सीएम ने मतदाताओं से पूछा कि दुनिया में हर जगह अपना चेहरा- पहचान दिखानी पड़ती है, लेकिन यह लोग चाहते हैं कि बिना चेहरा-पहचान पत्र देखे, जिसकी मर्जी आए वह वोट डाल दे।

लोकतंत्र का गला घोंटने वाले कांग्रेस की झोली में गिरवी है राजद

सीएम ने कहा कि जब कांग्रेस ने लोकतंत्र के गले को घोंटा था, तब यही बिहार उठ खड़ा हुआ था। जयप्रकाश जी ने पटना में हुंकार भरी थी और कहा था कि लोकतंत्र का गला घोंटने का अधिकार किसी को नहीं देंगे। जिस कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा था, उसी की झोली में राजद ने खुद को गिरवी रख दिया है। यह जेपी के सपनों पर पानी फेर रहे हैं और लूट, भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस की झोली में चले गए हैं। बिहार ने दुनिया को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया था, वैशाली का गणतंत्र उसका उदाहरण है। बिहार ने प्राचीनतम विश्वविद्यालय (नालंदा) दिया है। बिहार विकास की ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है, लेकिन राजद व कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लगेगा।

भगवान राम-मां जानकी जैसा अटूट है उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध

सीएम ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताया और दानापुर की महत्ता पर प्रकाश डाला। सीएम ने बिहार के महापुरुषों, महाप्रतापियों व राष्ट्रशिल्पियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध साझी विरासत है। यह आत्मा-संस्कृति, संकल्प का संबंध है। यह भगवान राम व मां जानकी जैसा अटूट है। सीएम ने आह्वान किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने 20 साल में जो करके दिखाया है, वह गति इसी प्रकार से बनी रहे।

अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका, बिहार में बन रहा मां जानकी का मंदिर

सीएम ने कहाकि केंद्र में नरेंद्र मोदी व राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास व विरासत भी है। जब बिहार के रामभक्त नारा लगाते हुए जाते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। तब कांग्रेस-राजद वाले प्रश्न करते थे कि यह संभव होगा। बिहार चुनाव में हमसे पूछा जाता था कि क्या अयोध्या में राम मंदिर बन पाएगा, हम कहते थे कि जरूर। आज यूपी के अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका है और बिहार में 900 करोड़ की लागत से मां जानकी का मंदिर बन रहा है। हमें भगवान राम और मां जानकी, चंद्रगुप्त मौर्य, भगवान बुद्ध, चाणक्य की परंपरा पर गौरव की अनुभूति होती है।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार ने दूसरी जनसभा सहरसा में की। यहां नामांकन रैली में सहरसा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन झा, प्रदेश सरकार के मंत्री व सोनबरसा से एनडीए प्रत्याशी रत्नेश सादा, महिषी से गुंजेश्वर शाह व सिमरी बख्तियारपुर से संजय सिंह (लोजपा) को जिताने की अपील की।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular