Saturday, September 5, 2026
Homeहरियाणारोहतकडेंगू से रहें सावधान! सितंबर के 5 दिनों में ही 3 नए...

डेंगू से रहें सावधान! सितंबर के 5 दिनों में ही 3 नए मरीज मिले, जिले में मरीजों का आंकड़ा 8 पहुंचा

कविता. रोहतक : सितंबर के शुरुआती पांच दिन ही डेंगू के लिहाज से चिंता बढ़ाने वाले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में सितंबर के पांच दिनों में डेंगू के तीन नए मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही इस साल डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 8 हो गई है। खास बात यह है कि अगस्त में चार मरीज मिले थे, जबकि सितंबर के महज पांच दिनों में तीन केस सामने आ चुके हैं। बारिश के बाद मच्छरों के प्रजनन के अनुकूल माहौल के बीच केस बढ़ने से आने वाले दिनों में खतरा और बढ़ने की आशंका है।

डेंगू का प्रकोप अब तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। अगस्त महीने में जिले में डेंगू के चार मरीज सामने आए थे। सितंबर शुरू होते ही पांच दिनों में तीन नए मरीज मिलने से संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के संकेत मिले हैं। यानी सितंबर के शुरुआती पांच दिनों में ही अगस्त में सामने आए कुल मामलों का बड़ा हिस्सा सामने आ चुका है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी और फरवरी में डेंगू का एक भी केस नहीं था। मार्च में एक मरीज सामने आया था। इसके बाद अप्रैल, मई, जून और जुलाई में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। अगस्त में अचानक चार केस सामने आए और अब सितंबर के पांच दिनों में तीन नए मरीज मिल चुके हैं। इससे साफ है कि डेंगू का सीजन अब जिले में जोर पकड़ रहा है।

2262 सैंपल लिए, एक दिन में 26 की जांच

डेंगू की निगरानी के लिए अब तक जिले में 2262 सैंपल लिए जा चुके हैं। 26 नए सैंपल कलेक्ट किए गए। हालांकि रिपोर्ट वाले दिन कोई नया डेंगू मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं हुआ। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और सैंपलिंग बढ़ना इसलिए भी अहम है क्योंकि शुरुआती लक्षणों वाले मरीजों की समय पर पहचान से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

8 मरीजों में सात का ओपीडी में इलाज

जिले में सामने आए कुल आठ डेंगू मरीजों में से सात का इलाज ओपीडी स्तर पर किया गया। इन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। एक मरीज अस्पताल में भर्ती हुआ था, जिसे उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। रिपोर्ट के अनुसार डेंगू से अब तक कोई मौत दर्ज नहीं हुई है, जो राहत की बात है।

बारिश के बाद मच्छरों पर नियंत्रण सबसे बड़ी चुनौती

सितंबर में केस बढ़ने के साथ अब मच्छरों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। घरों, दुकानों और संस्थानों के आसपास पानी जमा रहने से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ता है। कूलर, गमले, छतों पर रखे कंटेनर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई जरूरी है। बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या अन्य लक्षण होने पर लापरवाही के बजाय समय पर जांच कराना जरूरी होगा।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular