आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के माध्यम से की जा रही साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहें। आजकल साइबर अपराधी एआई वॉयस क्लोनिंग तकनीक का इस्तेमाल कर किसी परिचित, रिश्तेदार या परिवार के सदस्य की आवाज की हूबहू नकल करके लोगों को फोन कर रहे हैं और आपात स्थिति का बहाना बनाकर पैसों की मांग कर रहे हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि एआई वॉयस क्लोनिंग एक ऐसी तकनीक है जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और मशीन लर्निंग का उपयोग करके किसी खास व्यक्ति की आवाज की हूबहू नकल तैयार की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉल के दौरान घबराएं नहीं और बिना पुष्टि किए किसी भी प्रकार का ऑनलाइन या आर्थिक लेनदेन न करें। साइबर अपराधी आवाज की नकल करके लोगों का विश्वास जीतने और जल्दबाजी में पैसे ट्रांसफर करवाने का प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
पहचान की पुष्टि करें : किसी परिचित की आवाज में पैसे मांगने वाली कॉल आने पर उसके पुराने या सत्यापित मोबाइल नंबर पर स्वयं कॉल करके पुष्टि करें।
गोपनीय जानकारी साझा न करें : अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते से संबंधित जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें।
जल्दबाजी में लेनदेन न करें : किसी भी प्रकार के दबाव, डर या आपात स्थिति के बहाने पैसे भेजने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
संदिग्ध कॉल से सावधान रहें : अनजान नंबरों से आने वाली कॉल और असामान्य आर्थिक मांगों को गंभीरता से लें।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। इसके अतिरिक्त साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी की जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि साइबर सुरक्षा से संबंधित इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिवार, मित्रों और विशेषकर बुजुर्गों तक अवश्य पहुंचाएं, ताकि वे भी डिजिटल ठगों के झांसे में आने से बच सकें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध के प्रति जागरूक बनें।

