Friday, April 17, 2026
Homeपंजाबबटाला का होगा कायाकल्प : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 177 करोड़...

बटाला का होगा कायाकल्प : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 177 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की घोषणा की

बटाला : पंजाब के ऐतिहासिक शहरों में शामिल बटाला के कायाकल्प के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 177 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। ऐतिहासिक नगर के बुनियादी ढांचे का बड़े पैमाने पर विस्तार करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा करके मुख्यमंत्री ने सत्ता का सुख भोग चुकी पिछली सरकारों को कड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। यहां की नगर निगम द्वारा 95.72 करोड़ रुपये के विकास कार्य किये जाएंगे, मंडी बोर्ड द्वारा 16.05 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे और लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के निर्माण पर 65.09 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सड़कों के नवीनीकरण पर मंडी बोर्ड 42.56 करोड़ रुपये जबकि लोक निर्माण विभाग 34.97 करोड़ रुपये खर्च करेगा। बटाला हलके में चार नए पुल बनेंगे और नई पुलिस लाइन के लिए 14.81 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के लोगों ने साल 2022 में अकाली-कांग्रेस की तीन पीढ़ियों से चल रही लूट का अंत कर दिया और साल 2027 में भी उन्हें वापसी नहीं करने देंगे, जबकि पिछली सरकारों पर खुद को बचाने के लिए जानबूझकर बेअदबी विरोधी कानूनों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने पारंपरिक पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां आम लोगों से दूर हो गई थीं जिसकी वजह से लोगों ने इन्हें खारिज कर दिया जबकि उनकी सरकार शासन प्रदान करने और जवाबदेही के सम्मिलन के साथ आगे बढ़ रही है।

कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘अकालियों ने जानबूझकर बेअदबी के खिलाफ कमजोर कानून बनाया था ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घिनौने अपराध के दोषियों को उनके पापों की सजा न मिले।’ उन्होंने आगे कहा, ‘ये नेता यह भी डरते थे कि उन्हें भी उनके अपराध की सजा मिलेगी जिस कारण इन्होंने कानून ही कमजोर बना दिया।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने जगत जोति श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित किया है, जिसमें बेअदबी के लिए कठोर सजा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा, ‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का घिनौना अपराध प्रांत में कठोर मेहनत से कायम की गई शांति, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भावना को भंग करने की गहरी साजिश थी।’

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह कानून अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा, ‘अब इस अक्षम्य अपराध में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर माफ नहीं किया जाएगा और बाकियों के लिए अनुकरणीय कार्रवाई की जाएगी।’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी हर सिख के पिता हैं और प्रांत सरकार इस पवित्र ग्रंथ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर पावन श्री गुरु ग्रंथ साहिब ही प्रांत में सुरक्षित नहीं है तो यह और कहां हो सकता है।’ इस कानून को बेअदबी रोकने के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।

अकाली दल की तथाकथित ‘बचाओ यात्रा’ पर व्यंग्य करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, ‘अकाली दल की इस यात्रा का असली नाम ‘परिवार बचाओ यात्रा’ है क्योंकि यह सारा प्रयास उनके पारिवारिक हितों की रक्षा के लिए है।’ उन्होंने अकाली नेतृत्व को चुनौती देते हुए पूछा, ‘15 साल प्रांत को लूटने के बाद वे किससे प्रांत को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि अकालियों ने प्रांत को बेरहमी से लूटा है, पंजाबियों के मनों को गहरी ठेस पहुंचाई है और विभिन्न माफियाओं को संरक्षण दिया।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ‘हर कोई जानता है कि यह परिवार अंग्रेजों का पिठ्ठू था और देश के लिए लड़ने वाले देशभक्तों के खिलाफ साजिशें रचने के बदले उन्होंने इस परिवार को सर की उपाधि दी थी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘इस परिवार ने 13 अप्रैल, 1919 को जलियांवाला बाग कत्लेआम के दोषी जनरल डायर को इस घिनौनी घटना के बाद रात के खाने की मेजबानी करके सम्मानित किया था,’ उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों ने उनकी देश-विरोधी और पंजाब-विरोधी मानसिकता को बेनकाब किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली नेता सुखबीर बादल ऐसे वादे कर रहे हैं जो कभी पूरे नहीं किए जा सकते और प्रांत में डायनासोरों की वापसी जैसे निराधार और तर्कहीन बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान सत्ता पुनः हासिल करने के प्रति उनकी बेचौनी को दर्शाते हैं, लेकिन उन्हें कभी प्रांत की सत्ता हासिल नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा कि ये नेता सुबह ही उनके खिलाफ जहर उगलना शुरू कर देते हैं क्योंकि उनका असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अहंकारी राजनेताओं ने कभी प्रांत के लोगों की परवाह नहीं की। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कृषि के बारे में चर्चा करती है, लेकिन दूसरी पार्टियां केवल सत्ता हड़पने के हथकंडे अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता अब हैरान-परेशान हैं क्योंकि लोगों द्वारा उन्हें कोई समर्थन नहीं मिल रहा और केवल अपने परिवारों के बारे में चिंतित हैं।

भगवंत सिंह मान प्रांत के सबसे चहेते मुख्यमंत्री साबित हुए : सिसोदिया

अपने संबोधन में वरिष्ठ ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘यह अत्यधिक गर्व और संतुष्टि की बात है कि भगवंत सिंह मान प्रांत के सबसे चहेते मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘भगवंत सिंह मान देश के इकलौते मुख्यमंत्री हैं जो लोगों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, जबकि बाकी सभी प्रांतों में ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो लालच या अपनी पार्टी के हितों की पूर्ति के लिए काम कर रहे हैं।’

मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।’ उन्होंने लोगों से अपने वोटों के सुचारू उपयोग करने की अपील की।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, वरिष्ठ ‘आप’ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

RELATED NEWS

Most Popular