चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति में अपनी सक्रिय और मुखर भूमिका को और मजबूती देते हुए राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा को पार्टी की 23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर ढांडा ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार जताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी मेहनत, ईमानदारी और मजबूती के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के साथ मजबूती से खड़ा है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के तौर पर अरविंद केजरीवाल का सर्वसम्मति से दोबारा चुना जाना इस बात का प्रमाण है कि कार्यकर्ताओं का भरोसा आज भी उतना ही मजबूत है। यह सिर्फ एक संगठनात्मक फैसला नहीं, बल्कि देश में ईमानदार और जनहित की राजनीति के लिए लड़ रहे लाखों कार्यकर्ताओं के विश्वास की जीत है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने राजनीति में यह साबित किया है कि अगर नीयत साफ हो तो बिना बड़े राजनीतिक परिवार और बिना धनबल के भी आम आदमी की आवाज को देश की राजनीति के केंद्र में लाया जा सकता है। दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी और जनसुविधाओं के मॉडल से लेकर पंजाब में भगवंत मान सरकार के काम तक, आम आदमी पार्टी ने राजनीति को जनता के रोजमर्रा के मुद्दों से जोड़ने का काम किया है।
अनुराग ढांडा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की राजनीति बेहद कठिन दौर से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी की बढ़ती राजनीतिक ताकत से घबराकर ईडी और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा भाजपा को लगता है कि मुकदमे करके, जेल भेजकर और डराकर आम आदमी पार्टी को रोक देगी, तो वह गलतफहमी में है। आम आदमी पार्टी डरने वालों की पार्टी नहीं है। हमारे नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच से निकले हैं और जनता के मुद्दों के लिए जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़े होने की ताकत दी है। हम हरियाणा के लोग हैं। ना दबेंगे, ना डरेंगे और ना अन्याय के आगे झुकेंगे। लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत है और आम आदमी पार्टी उसी जनता के भरोसे राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का संघर्ष किसी व्यक्ति या पार्टी के खिलाफ नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, किसान विरोधी नीतियों और सत्ता के अहंकार के खिलाफ है।
आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अनुराग ढांडा ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी पंजाब में दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा पंजाब में सरकार बनाने का सपना देख रही भाजपा पहले पंजाब के लोगों का मूड समझे। पंजाब के लोग अपने किसानों के साथ हुए व्यवहार और श्री गुरु साहिब के सम्मान से जुड़े मुद्दों को भूले नहीं हैं। भाजपा जितनी मर्जी राजनीतिक साजिश कर ले, पंजाब की जनता चुनाव में जवाब देना जानती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल भी अपनी जमीन खो चुके हैं और पंजाब की जनता अब काम की राजनीति को प्राथमिकता देती है।भगवंत मान सरकार ने पंजाब में आम आदमी के हित में जो काम किए हैं, उनका सीधा फायदा आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिलेगा।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए जाने पर अनुराग ढांडा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी दी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा मैंने हमेशा पार्टी की विचारधारा, संगठन और जनता की आवाज को सबसे ऊपर रखा है। अब राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी के साथ इस भूमिका को और मजबूती से निभाने का प्रयास करूंगा। देश के हर हिस्से में आम आदमी पार्टी की आवाज को मजबूती से पहुंचाना और संगठन को मजबूत करना मेरी प्राथमिकता रहेगी।
अनुराग ढांडा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी आने वाले समय में और बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी। पार्टी देश के आगामी चुनावों में अपने संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर भाजपा को चुनौती देगी।उन्होंने कहा हमारे पास सत्ता का अहंकार नहीं, जनता का भरोसा है। हमारे पास बड़े-बड़े राजनीतिक परिवार नहीं, मेहनत करने वाला कार्यकर्ता है। हमारे पास धनबल नहीं, बल्कि आम आदमी की ताकत है। यही आम आदमी पार्टी की असली पूंजी है।
AAP का कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत
- अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी खूबी उसका सामान्य कार्यकर्ता है, जो बिना किसी राजनीतिक विरासत के जनता के बीच काम करता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हजारों-लाखों सामान्य परिवारों के युवाओं और कार्यकर्ताओं को राजनीति में आगे बढ़ने का मौका दिया। खुद भी जमीन से संघर्ष करते हुए राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाने वाले अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी में मेहनत करने वाले कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिलती है और यही पार्टी को बाकी राजनीतिक दलों से अलग बनाता है।
- उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नई जिम्मेदारी उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से ज्यादा हर उस कार्यकर्ता का सम्मान है, जिसने पार्टी के कठिन दौर में भी झंडा मजबूती से पकड़े रखा।अनुराग ढांडा ने विश्वास जताया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व, भगवंत मान की सरकार के काम और देशभर के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर आम आदमी पार्टी आने वाले समय में और मजबूत होगी।
- उन्होंने कहा लड़ाई लंबी है, लेकिन हौसले बुलंद हैं। जनता हमारे साथ है। हरियाणा की भाषा में कहूं तो- मैदान छोड़ कै भागण आले हम नहीं, आखिरी दम तक लड़ण आले लोग हैं। आम आदमी पार्टी जनता के हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।


