आम का पन्ना बनाये, लू को दूर भगाएं,  सीख लें बनाने का सही तरीका

गर्मी के दिनों-दिन तेवर तीखे होते जा रहे हैं। इन दिनों में लू से बचने के लिए आम का पन्ना एक परफेक्ट  देसी हेल्थ ड्रिंक है। 45 डिग्री तापमान में लू के थपेड़ों के बीच आम का पन्ना पीकर खुद को हीट स्ट्रोक से बचाए रखा जा सकता है। 

यही वजह है कि समर सीजन में घरों में आम का पन्ना विशेष तौर पर बनाकर पिया जाता है। आम का पन्ना सही तरीके से बनाया जाए तो बेहद लाभकारी होता है, हालांकि कई लोग इसे बनाने के दौरान छोटी सी गलती कर देते हैं, जिसके चलते इसका स्वाद बिगड़ सकता है। 

आम का पन्ना पौष्टिकता से भरपूर हेल्थ ड्रिंक है। बहुत से लोग आम का पन्ना बनाने के लिए एकदम कच्चे आम के बजाय थोड़ा पका हुआ आम इस्तेमाल कर लेते हैं। इसकी वजह से आम के पन्ना का स्वाद एकदम बदल जाता है। टेस्टी आम पन्ना के लिए हमेशा कच्ची कैरी का ही इस्तेमाल करना चाहिए।  

आम का पन्ना बनाना बहुत सरल है और ये देसी हेल्थ ड्रिंक मिनटों में तैयार हो जाता है जो कि लू से बचाव करता है। आम का पन्ना के लिए 4 कच्चे आम लें और इन्हें प्रेशर कुकर में पानी डाल कर उबाल लें। 

इस के बाद डेढ़ कटोरी गुड़ को कूट लें या उन्हें कद्दूकस कर कटोरे में अलग रख दें। इसके बाद उबले हुए कच्चे आम लें और उनका ऊपरी छिलका निकालकर पल्प को एक बड़े कटोरे में ट्रांसफर कर लें।  

अब मिक्सर जार में कच्चे आम का पल्प, कुटा गुड़, आधा चम्मच इलायची पाउडर, एक चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, थोड़ा सा काला नमक,  थोड़ा सा सादा  नमक, 8-10 पुदीना पत्ते डाल दें। 

इसके बाद ढक्कन लगाकर 30 सेकंड के लिए पल्प को ब्लेंड कर लें। इसके बाद ढक्कन खोलें और जार में जरूरत के मुताबिक पानी डालें। अब दोबारा ढक्कन लगाकर पल्प को ब्लेंड करें। 

इसके बाद तैयार मिश्रण को छलनी की मदद से एक बड़े बर्तन में छान लें। स्वाद और पोषण से भरपूर आम का पन्ना बनकर तैयार हो चुका है। इसे सर्विंग गिलास में डालें और ऊपर से दो-तीन बर्फ के टुकड़े डालकर सर्व करें।