गर्मियों में हो जाती है लिप पिग्मेंटेशन,  ये घरेलू उपाय वापिस ले आएंगे गुलाबी रंगत 

होठ अगर स्वाभाविक रूप से गुलाबी हों तो वे देखने में बेहद ही खूबसूरत लगते हैं। लेकिन कई बार गर्मियों में होंठों का कलर डार्क हो जाता है, जिसे लिप पिग्मेंटेशन कहा जाता है। डार्क और डिस्कलर्ड लिप्स देखने में बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते हैं। 

होंठों को खूबसूरत दिखाने के लिए लड़कियां लिपस्टिक आदि का सहारा लेती हैं। हालांकि, इससे आप कुछ वक्त के होंठों की खूबसूरती बढ़ा सकती हों, लेकिन वास्तव में वे बदरंग ही होते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप लिप पिग्मेंटेशन के कारणों को समझें और उन्हें दूर करने के लिए कुछ प्रभावी उपाय अपनाएं।

आनुवंशिकी से लेकर जीवनशैली में बदलाव तक कई कारकों के चलते हमारे होठों का रूप और रंग बदलता है। इसके अलावा, धूप में रहना, निकोटीन के दाग या फिर पोषण संबंधी कमी भी होंठों को बदरंग व अनाकर्षक बनाती है। 

होंठों की देखभाल के लिए यूं तो मार्केट में कई तरह के प्रोडटक्ट्स अवेलेबल हैं। लेकिन आप कुछ नेचुरल उपायों को अपनाकर भी लिप पिग्मेंटेशन की इस समस्या को दूर कर सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही उपायों के बारे में बता रहे हैं-

लिप पिग्मेंटेशन के लिए खूब सारा पानी पीना चाहिए, साथ ही होंठों पर आइस क्यूब मसाज भी करनी चाहिए।  इसके लिए एक बर्फ के टुकड़े को साफ कपड़े में लपेटकर होठों की मालिश करें। बर्फ त्वचा की कोशिकाओं को मोटा करने में मदद करती है जिससे होंठों को कुछ हद तक कालेपन से छुटकारा मिलता है।

लिप पिग्मेंटेशन का एक कारण डेड स्किन सेल्स का जमा होना है तो ऐसे में लिप्स को एक्सफोलिएट करने के लिए शहद से स्क्रब बनाकर लगाएं। इसके लिए एक चम्मच शहद और एक चम्मच पिसी हुई चीनी मिलाएं और होठों पर लगाएं। मसाज करें और गुनगुने पानी से होंठों को साफ कर लें।

नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड डेड स्किन सेल्स को बाहर निकालने में मदद करता है और काले होंठों को लाइटन करता है। इसके लिए एक ताजा नींबू निचोड़कर उसका रस निकालें और सोने से पहले नींबू के रस की कुछ बूंदें अपने होठों पर मलें। सुबह उठकर इसे एक कप ठंडे पानी से होंठों को धो लें। 

चुकंदर जूस भी लिप पिग्मेंटेशन को दूर करता है। इसमें नेचुरल पिग्मेंट होता है, जो होठों की गुलाबी रंगत लाने में मदद करता है। इसके लिए चुकंदर को रुई की मदद से अपने होठों पर लगाएं फिर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। लगातार कुछ दिनों तक यह उपाय करने से होंठों में फर्क नजर आने लगेगा।

बादाम में विटामिन ई होता है। इसके तेल से होंठों की मसाज करना काफी सही है।  बादाम के तेल की कुछ बूंदों से अपने होंठों की मसाज करें और उसे रातभर के लिए छोड़ दें। इस तेल में नींबू के रस की कुछ बूंदे भी मिला सकते हैं लेकिन इसे मिलाने पर होंठों को 15 मिनट बाद साफ कर लें।