Haryana Weather Update: बीते कुछ दिनों में देश के अधिकतर राज्यों में जबरदस्त बारिश देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश की संभावना बन रही है। मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मानसून की वापसी होती दिख रही है। जहां तक उत्तर भारत के राज्य दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की बात है तो वहां अगले 1 हफ्ते तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जबकि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना बन सकती है।
हरियाणा के मौसम की जानकारी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान रिपोर्ट के मुताबिक, मानसून की वापिसी की परिस्थितियां हरियाणा राज्य से अगले चार-पांच दिनों में बनने की संभावना बन रही है। इस दौरान राज्य में पश्चिमी खुश्क हवाएं चलने तथा वातावरण में नमी में कमी आने की संभावना बन रही है। हरियाणा राज्य में एक अक्तूबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है परंतु वातावरण में नमी की उपलब्धता होने तथा सूर्य की चमक बढ़ने से तापमान में बढ़ोतरी होने से बीच बीच में कुछ एक स्थानों पर आंशिक बादलवाई तथा गरजचमक भी संभावित है। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।
हरियाणा में कहां कितनी हुई बारिश
हरियाणा में इस वर्ष 2022 में दक्षिण पश्चिम मानसून 30 जून के प्रवेश से लेकर आज 27 सितम्बर के दौरान हरियाणा राज्य में 465.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य बारिश (429.3 मिलीमीटर) से 8% ज्यादा दर्ज हुई है।भारत मौसम विज्ञान विभाग के बारिश के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा के 15 जिलों में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है परंतु 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है। सब से कम बारिश वाले जिले अम्बाला (-42%), फरीदाबाद (-33%),यमुनानगर (-29%), भिवानी (-14%) सोनीपत (-12%), पंचकुला (-11%), रेवाड़ी (-7%), जिलों में दर्ज की गई है।