Saturday, April 20, 2024
HomeदेशSharad Yadav: JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की...

Sharad Yadav: JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन, कल पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

Sharad Yadav Death: पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता शरद यादव का गुरुवार रात गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी बेटी सुभाषिनी शरद यादव ने ट्विटर पर इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, “पापा नहीं रहे।” वह स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे।

फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा गया है कि शरद यादव को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया और आपातकालीन वार्ड में भर्ती किया गया। जांच के दौरान न तो उनकी नाड़ी चलती मिली और न ही ब्लड सर्कुलेशन हो रहा था। गुरुवार देर रात 10:19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। यादव के निधन की खबर की पुष्टि उनकी बेटी ने भी फेसबुक पोस्ट के जरिए की है। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। बता दें कि शरद यादव का अंतिम संस्कार 14 जनवरी को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद स्थित उनके पैतृक गांव बंदाई में किया जाएगा।

शरद यादव का राजनीतिक सफर
शरद यादव तीन बार राज्यसभा सदस्य और सात बार लोकसभा सांसद रहे। यादव हिंदी पट्टी के शीर्ष समाजवादी नेताओं में से एक थे, 1970 के दशक के मध्य में आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। 1974 में वह पहली बार 27 साल की उम्र में लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने मध्य प्रदेश की जबलपुर सीट से उपचुनाव में जीत दर्ज की। इसके बाद वे 1989 में उत्तर प्रदेश की बदायूं संसदीय सीट से चुने गए। इसके अलावा, यादव 1991, 1996, 1999 और 2009 में बिहार के मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र से चुने गए। राजद नेता ने 1999 और 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में केंद्रीय नागरिक उड्डयन, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री के रूप में भी काम किया था। वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ 2003 में जनता दल यूनाइटेड के सह संस्थापक थे।

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद यादव की मौत पर दुख जताते हुए लिखा, श्री शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे. मैं हमेशा उनके साथ हुई बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं, ओम् शांति।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव जी का निधन दुःखद। शरद यादव जी से मेरा बहुत गहरा संबंध था। मैं उनके निधन की खबर से स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। वे एक प्रखर समाजवादी नेता थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

सपा नेता अखिलेश यादव ने दुख जताते हुए कहा, महान समाजवादी नेता आदरणीय श्री शरद यादव जी का निधन अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular