हरियाणा रोहतक की रहने वाली भारतीय स्टार युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2023 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया है। अपनी कप्तानी में भारत को अंडर 19 विश्व कप जिताने वाली शेफाली वर्मा महिला प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलती नजर आएंगी। सोमवार को हुए ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने विश्व कप विजेता कप्तान शेफाली वर्मा को महिला प्रीमियर लीग के लिए 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
Adding another U-19 World Cup winning skipper to our ranks 😉
WELCOME SHAFALI VERMA 💙#YehHaiNayiDilli #WPL #WPLAuction
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) February 13, 2023
WPL ऑक्शन में शेफाली वर्मा 50 लाख की बेस प्राइज पर उतरी थी। शेफाली के लिए दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच बिडिंग वॉर हुई, हालांकि बीच में मुंबई इंडियंस ने 1.3 करोड़ रुपये की बोली लगाई। अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपये में शेफाली को टीम में शामिल किया।
रोहतक की 19 वर्षीय शेफाली वर्मा वर्तमान में महिला टी20ई में सबसे अधिक विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक है। शेफाली 51 टी20ई में भारत का कप्तानी कर चुकी है, जिसमें उन्होंने 134.53 की शानदार स्ट्राइक रेट से 1200 से अधिक रन बनाए हैं। वर्मा ने हाल ही में समाप्त हुए अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप में भी भारत को खिताब दिलाया। शेफाली प्रतियोगिता में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी, जिसमें उनके बल्ले से 193.25 की स्ट्राइक रेट से 172 रन निकले।
बता दें कि WPL का पहला संस्करण 4 मार्च से 26 मार्च तक मुंबई में खेला जाएगा। कुल 22 मैच खेले जाएंगे, जिसमें ब्रेबोर्न स्टेडियम और डी.वाई. पाटिल स्टेडियम इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जायंट्स, यूपी वारियर्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर शामिल हैं।