Bhagalpur Husband Murder wife: भागलपुर में एक शख्स ने कुदाल से काटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मक्के के खेत में लहूलूहान शव बरामद होने पर लोगों की घटना की जानकारी मिली। ये पूरी वारदात जिला नवगछिया के कोसी पार कदवा ओपी क्षेत्र की है। शव को जंगली टोला और पकरा टोला कदवा के बीच बहियार में मक्के के खेत से बरामद किया गया है। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
शव की पहचान जंगली टोला के रहने वाले राजू शर्मा उर्फ राजेश की पत्नी खुशबू देवी के रूप में हुई है। खुशबू देवी दोपहर के वक्त खेत में काम करने गई थी उसी वक्त पति राजेश ने कुदाल से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। शव के पास से करीब 10 मीटर दूर झाड़ी में पुलिस ने खून लगा कुदाल भी बरामद किया गया है। मृत खुशबू देवी के ससुर जोगी शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी बहू खुशबू सुबह 11 बजे घर से कोसी पार करीब 500 मीटर दूर खेत में लगे मक्के की तमनी करने पति राजू शर्मा के साथ गई थी। वह खेत पकरा टोला कदवा निवासी छरपन राम का है, जिसे सूदभरना यानी पैसे देकर खेती करने के लिए राजू शर्मा ने लिया था। दोनों पति-पत्नी ने उसमें मक्के की खेती की थी। दोपहर में सूचना मिली कि जंगली टोला व पकरा टोला कदवा के बीच खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। खेत में जाकर देखा तो वह खुशबू का शव था।
स्थानीय लोगों को कहना है कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और राजू ने हत्या कर दी होगी। घटना के बाद से ही खुशबू का पति मौके से फरार है। लोगों का कहना ये भी है कि मृतका खुशबू का पति राजेश की दिमागी हालात ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना से पूरे गांव में कोहराम छा गया है। मृतका खुशबू के दो बेटे और एक बेटी है।